राजस्थान

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक की टक्कर, चार महिला श्रद्धालुओं की मौत

SHIDDHANT
7 Sept 2025 12:23 AM IST
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक की टक्कर, चार महिला श्रद्धालुओं की मौत
x
RAJASTHAN राजस्थान: सवाई माधोपुर जिले के मित्रपुरा थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर घाटा नैनवाड़ी गांव के पास आज एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में चार महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई और दो बालिकाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार, लालसोट क्षेत्र की कुछ महिलाएं पैदल यात्रा करके खुर्रा माता मंडावरी लालसोट के दर्शन करने गई थीं। दर्शन के बाद सभी यात्री अपने गांव चिमनपुरा और विजयपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ महिलाएं एक्सप्रेसवे पर उतर गईं। बौंली की ओर से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में मौके पर ही तीन महिलाओं की मौत हो गई। चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से ट्रक के नीचे दबे शवों को बाहर निकाला। मृतकों को बौंली अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार लालसोट जिला चिकित्सालय में किया गया। इनमें से एक महिला की चिकित्सालय में मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मंजू देवी को जयपुर रैफर किया गया, जबकि संगीता देवी का उपचार लालसोट में जारी है। मृतकों में धोली देवी (35 वर्ष, पत्नी ताराचंद, चिमनपुर), उग्नति (30 वर्ष, पत्नी मोरसिंह, चिमनपुरा), लाली (55 वर्ष, पत्नी रामभजन, विजयपुरा) और चाइना बाई (22 वर्ष, पुत्री रामभजन, विजयपुरा) शामिल हैं। घायल संगीता ने बताया कि वे कुल 12 लोग थे और ट्रैक्टर ट्रॉली से घाटा नैनवाड़ी उतर कर एक्सप्रेसवे से अपने गांव जा रहे थे। अचानक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
घटना के बाद घाटा नैनवाड़ी और लालसोट क्षेत्र के साथ आसपास से सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने लोगों को हटाकर यातायात सुचारू किया। देर शाम 7 बजे सवाई माधोपुर जिला कलेक्टर कानाराम और पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। यह हादसा एक्सप्रेसवे पर पैदल चल रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।
Next Story
null