राजस्थान

ग्राम करजू में विभिन्न विकास कार्यों के हुए शिलान्यास व लोकार्पण

Shantanu Roy
30 Jun 2023 10:55 AM GMT
ग्राम करजू में विभिन्न विकास कार्यों के हुए शिलान्यास व लोकार्पण
x
प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ ग्राम पंचायत करजू मुख्यालय में विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रम समारोहपूर्वक किए गए। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रुप में सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना थे। समारोह की अध्यक्षता पंचायत समिति के पूर्व प्रधान मनोहरलाल आंजना ने की। विशिष्ट अतिथि प्रधान सपना मीणा रही। सर्वप्रथम ग्राम पंचायत में श्मसान के पास स्वीकृत जीएसएस के लिए भूमि पूजन किया गया। निर्माण कार्य का शुभारम्भ भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया।
मंत्री आंजना सहित सभी अतिथियों ने अपने हाथों से नींव का पत्थर रखकर निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया। भूमि पूजन के बाद ग्रामीणों की ओर से मंत्री आंजना का स्वागत-सत्कार किया गया। ग्रामीणों ने मंत्री का माला पहनाकर एवं साफा बंधन कर सम्मान किया। समारोह में संबोधित करते हुए मंत्री आंजना ने कहा कि कांग्रेस सरकार गरीबों की पार्टी है। गरीब को राहत पहुंचाने के लिए राहत जैसे शिविरों का आयोजन कर राहत दी जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसी भी प्रकार से विकास की कोई कमी नहीं रहेगी।
नरेगा कार्यों का गुरूवार को अवकाश होने के कारण कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की संख्या ज्यादा थी। जबकि पुरूष बहुत कम थे। इस मौके पर मुकेश जाट अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, टमूबाई रैगर सदस्य पंचायत समिति, संतोषी देवी सरपंच, समाजसेवी सुरेश मीणा, ओमप्रकाश जणवा उपाध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस, राधेश्याम पाटीदार पूर्व अध्यक्ष, हीरालाल जणवा जीएसएस अध्यक्ष जलोदा जागीर, गोविन्द कुमावत पूर्व उपप्रधान, भंवरलाल जणवा, विष्णु, नन्दलाल मीणा, बगदीराम जणवा, मुकेश जाट आदि ग्रामीण मौजूद रहे।
Next Story