राजस्थान

मिर्चीबड़ा खाकर बोले विदेशी मेहमान, वन्स मोर प्लीज

Admin Delhi 1
4 Feb 2023 1:55 PM GMT
मिर्चीबड़ा खाकर बोले विदेशी मेहमान, वन्स मोर प्लीज
x

जोधपुर: सूर्यनगरी का घंटाघर यहां की गलियां और ब्लू सिटी विश्व प्रसिद्ध है जिन्हें देखने के लिए हर साल लाखों की संख्या में सैलानी यहां आते हैं और यहां की गलियों में घूमते हुए नजर आते हैं, लेकिन शुक्रवार अल सुबह नजारा कुछ अलग था।

हल्के अंधेरे में रोशनी में नहाया हुआ गिरदीकोट दमक रहा था। एक के बाद एक कर कई गाड़ियों में जी-20 सम्मेलन में भाग लेने आए अलग-अलग देशों के प्रतिनिधि यहां पहुंचे और जिला प्रशासन द्वारा आयोजित हेरिटेज वॉक में शामिल हुए। ऐतिहासिक घंटाघर से हेरिटेज वॉक शुरू हुई जो भीतरी शहर की गलियों से होते हुए पुरानी हवेलियों तक पहुंची। इनके कलात्मक निर्माण और रख-रखाव देख सभी चकित नजर आए।

विदेशी मेहमानों ने घंटाघर से तूर जी का झालरा के दौरान राजस्थान की कला संस्कृति विरासत के दर्शन किए। हेरिटेज वाले रास्ते पर राजस्थानी पेंटिंग उकेरी गई। भीतरी शहर में विदेशी मेहमान संकरी सड़कें और घुमावदार मोड़ देख काफी खुश नजर आए।

रास हवेली में चल रहे होटल और वहां बिकने वाले स्थानीय उत्पाद भी विदेशियों ने देखे और खरीदारी की। रास हवेली में ब्रेकफास्ट किया जिसमें जोधपुर की कचोरी, मिर्ची बड़ा सहित अन्य स्थानीय सामग्री परोसी गई।

दिखाई ब्लू सिटी की झलक: सम्मेलन में शामिल होने आए विदेशी मेहमानों को सुबह जिला प्रशासन ने दो विकल्प दिए थे जिनमें कुछ लोग योगा सेशन अटेंड करने के लिए गए और कुछ लोग हेरिटेज वॉक में शामिल हुए। हेरीटेज वॉक के दौरान विदेशी मेहमानों को ब्लू सिटी की झलक दिखाने के लिए स्थानीय प्रशासन ने हेरीटेज वॉक के रास्ते में ही एक मकान को नीले रंग में रंगवा कर तैयार किया जिसे देख सभी रोमांचित हुए। उनके साथ घूम रहे गाइड ने उन्हें तस्वीरों में जोधपुर की मूल ब्लू सिटी भी दिखाई। सभी ने ब्लू मकान के आगे खड़े रहकर फोटो सेशन भी करवाया।

पुराने हैंडीक्राफ्ट आइटम से सजाया घंटाघर परिसर

जी-20 देश के प्रतिनिधियों ने जब घंटाघर में प्रवेश किया तो घंटाघर परिसर में पुराने हैंडीक्राफ्ट आइटम को सजाया गया था। जिसे देखकर विदेशी मेहमान खासे उत्साहित नजर आए।

Next Story