राजस्थान

सांचौर में दो घंटे के बारिश में बने बाढ़ के हालात, बस्तियां जलमग्न

Shantanu Roy
10 July 2023 11:15 AM GMT
सांचौर में दो घंटे के बारिश में बने बाढ़ के हालात, बस्तियां जलमग्न
x
जालोर। जालोर सांचौर में रविवार दोपहर दो घंटे हुई बारिश के कारण बाढ़ के हालत हो गए। शहर की कच्ची बस्तियां पूरी तरह से जलमग्न हो गई। कई घरों में पानी घुस गया। मुख्य बाजार में तीन से चार फीट तक पानी का भराव हुआ। जिसके चलते व्यापारियों और आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रविवार को 3 बजे तेज बारिश शुरु हुई जो पांच बजे तक चली। शहर में 40 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं चितलवाना में 16 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान शहर के मुख्य बाजार में कारे और बाइक कागज की तरह तैरती नजर आई।
हाड़ेचा बस स्टेशन से लेकर मेहता अस्पताल तक शहर का पूरा पानी इकट्ठा होने के चलते रामदेव कॉलोनी, भाटो का वास समेत वार्ड 34 के घर जलमग्न हो गए। शहर में बिपरजॉय तूफान के बाद आई बाढ़ के बाद हालत सामान्य नहीं हुए है। हाड़ेचा रोड पर पूरे शहर का गंदा पानी इकट्ठा पड़ा था। ऊपर से रविवार को आई बारिश के बाद शहर पानी-पानी हो गया। शहर के मुख्य बाजार में तीन से चार फीट तक पानी एकत्रित हुआ। वहीं सांचौर के स्मृति वन में भी पानी भर गया। यहां करीब आधा फीट पानी भर गया। इस दौरान स्मृति वन में बनाया गया तालाब भी टूट गया। सच विहार के सामने नेशनल हाइवे 68 पर भी तीन तीन फीट तक पानी का भराव हुआ। जिससे वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं कच्ची बस्ती भाटो का वास, रामदेव कॉलोनी सहित अन्य कच्ची बस्तियों में पानी का भराव हो गया।
शहर का गंदा पानी हाड़ेचा रोड होते हुए मेहता हॉस्पिटल के पीछे से होते हुए पानी निकलता था, लेकिन पानी भराव वाली जमीन पर नगर पालिका द्वारा रेत भरपाई की अनुमति देने के चलते पानी सड़क पर इकट्ठा होना शुरू हो गया। जिसके चलते प्रशासन ने डाऊडा नाडी में पानी डालने का प्रपोजल तैयार किया। उसके बाद से पानी को डाऊडा नाडी में डाला गया। अब नाडी ओवरफ्लो होने और नाली का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के कारण पानी कच्ची बस्तियों में भर रहा है।
Next Story