जयपुर में दिवाली पर आग का कहर, छप्परों में सबसे ज्यादा हादसे

जयपुर: दीपावली पर आतिशबाजी के बीच जयपुर शहर में आगजनी की 82 घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें सबसे अधिक 54 घटनाएं छप्परों में आग लगने की रहीं। इसके अलावा 9 गोदाम, 9 दुकानें, 6 मकान, 3 मंदिर और एक वाहन आग की चपेट में आया। त्योहार के दौरान आग की घटनाओं को देखते हुए नगर निगम का अग्निशमन विभाग अलर्ट रहा। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कार्रवाई की।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) गौतम लाल ने बताया कि दीपावली के दिन शहर में आग लगने की कुल 82 घटनाएं सामने आईं। इनमें छप्परों में आग लगने के 54 मामले दर्ज किए गए। वहीं गोदामों और दुकानों में आग लगने की 9-9 घटनाएं हुईं। इसके अलावा मकानों में आग के 6, मंदिरों में 3 और एक वाहन में आग लगने की घटना सामने आई।
लाल ने बताया कि आंकड़ों के अनुसार आगजनी की कुल घटनाओं में छप्परों की हिस्सेदारी सबसे अधिक रही। शहर के विभिन्न इलाकों में 54 छप्परों में आग लगी। वहीं गोदामों और दुकानों में आग लगने की कुल 18 घटनाएं दर्ज की गईं। आवासीय परिसरों और धार्मिक स्थलों में भी आगजनी की घटनाएं सामने आईं।
दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान आग लगने की आशंका को देखते हुए अग्निशमन विभाग की टीमें शहरभर में तैनात रहीं। अलग-अलग क्षेत्रों से आग लगने की सूचना मिलने पर दमकलकर्मी तत्काल घटनास्थलों पर पहुंचे और आग बुझाने में जुटे। छप्परों, दुकानों, गोदामों और मकानों में आग लगने की घटनाओं के चलते दमकल टीमों को लगातार सक्रिय रहना पड़ा। वहीं सोमवार को भी शहर के अलग-अलग इलाकों में आगजनी की घटनाएं सामने आईं। फायर शाखा की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर जल्द काबू पा लिया।





