राजस्थान

कॉटन गोदाम में आग लगी, लाखों की संपत्ति जलकर खाक

Saba Naaz
19 Jun 2025 5:13 PM IST
कॉटन गोदाम में आग लगी, लाखों की संपत्ति जलकर खाक
x
Ajmer अजमेर : बिजयनगर-ब्यावर मार्ग स्थित केकड़ी रोड पर महेश टेक्सटाइल के कॉटन गोदाम में बुधवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटों और घने धुएं ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चला है, लेकिन शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खामी की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रात करीब 12 बजे गोदाम से आग की लपटें उठती देख प्रशासन और दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर बिजयनगर थानाधिकारी करण सिंह खंगारोत पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके तुरंत बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल की तीन से चार गाड़ियों को कई घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में दमकलकर्मियों का सहयोग किया। समाजसेवी भगवान सिंह सोलंकी, सियाराम, गजेंद्र कुमार, त्रिलोक चंद सहित कई लोग मौके पर राहत कार्य में जुटे रहे। जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्युत विभाग ने एहतियातन इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी।
आग की चपेट में आकर गोदाम में रखी सैकड़ों कॉटन गांठें जलकर राख हो गईं। प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई गई है। गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस और प्रशासन आग के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं। व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है, वहीं आग बुझाने में स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
Next Story