राजस्थान

प्लास्टिक के 4 गोदामों में लगी आग

Admin4
13 April 2023 7:16 AM GMT
प्लास्टिक के 4 गोदामों में लगी आग
x
अलवर। आबादी के बीच बने प्लास्टिक के 4 गोदामों में आग लगने से अलवर में हड़कंप मच गया. पहले एक गोदाम में आग लगी। देखते ही देखते आग ने पास के तीन अन्य गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के रिहायशी इलाकों में भगदड़ मच गई। आसपास के घरों को खाली कराया गया। जहां हादसा हुआ, वहां 100 से ज्यादा घर हैं। छत पर रखी टंकियां भी पिघल गईं। दीवारों में दरारें आ गई हैं।
आग भिवाड़ी के अंकेडा गांव में दोपहर 1.30 बजे लगी। घटना के समय गोदाम के 10 से 15 कर्मचारी खाना खाने गए थे। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद शाम करीब चार बजे आग पर काबू पाया जा सका। इन गोदामों में आसपास की कंपनियों का प्लास्टिक कचरा जमा होता है। यहां उन्हें रिसाइकिल कर प्लास्टिक के पेलेट्स बनाए जाते हैं। जिस गोदाम में आग लगी वह सबसे पहले लालाराम का था। आग की लपटें इतनी फैलीं कि उन्होंने लालाराम के एक और गोदाम और पास में बने राकेश कुमार के दो गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे के दौरान गोदाम में प्लास्टिक के ड्रम, कैरेट, प्लास्टिक बैग समेत अन्य प्लास्टिक का सामान भारी मात्रा में पड़ा हुआ था। इस वजह से आग लगातार सुलगती रही। भिवाड़ी रीको, नगर परिषद, भिवाड़ी की ओरिएंट सिंटेक्स कंपनी और तावडू, रेवाड़ी (हरियाणा) की फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया.
Next Story