राजस्थान

सीएम गहलोत के बेटे वैभव के खिलाफ नासिक में FIR दर्ज, करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोप

Kunti Dhruw
20 March 2022 11:24 AM GMT
सीएम गहलोत के बेटे वैभव के खिलाफ नासिक में FIR दर्ज, करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोप
x
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। दरअसल वैभव के खिलाफ नासिक के गंगापुर पुलिस स्टेशन पर केस दर्ज हुआ है। वैभव गहलोत समेत अन्य 15 लोगों पर अदालत के आदेश पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। यह पूरा मामला टेंडर और पर्यटन विभाग से बताया जा रहा है, जिसमें 6 करोड़ के भ्रष्टाचार की बात कही गई है।


राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के बेटे पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने के बाद विपक्षी भाजपा हमलावर हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने सीएम गहलोत से मामले में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। वहीं, गंगापुर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, सुशील पाटिल नाम के शख्स ने राजस्थान और गुजरात में रहने वाले 16 लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है।वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रियाज शेख ने बताया कि सुशील पाटिल का आरोप है कि उससे करोड़ों रुपये ठगे गए हैं। सुशील पाटिल ने शिकायत में बताया है कि गुजरात कांग्रेस के एक कार्यकर्ता सचिन वलेरा ने कहा कि वह राजस्थान सीएम अशोक गहलोत के करीबी है। साथ ही बताया कि राज्य सरकार के जो भी सरकारी टेंडर वगैरह निकलते हैं, उनका मैनेजमेंट वही देखते हैं।
सुशील पाटिल के मुताबिक, उनसे एक निजी कंपनी में भागीदार बनने के लिए कहा गया। फिर मुझे उस कंपनी के माध्यम से करीब 6.80 करोड़ रुपये का निवेश कराया गया। सुशील की माने तो कंपनी ने थोड़े दिनों बाद उन्हें रिटर्न देना बंद कर दिया। इसके बाद मेरी और वैभव गहलोत से वीडियो कॉल पर बात हुई, जहां उन्होंने मुझे निवेश पर रिटर्न का आश्वासन दिया।
शिकायत के मुताबिक, पाटिल को निवेश पर भारी मुनाफा का लालच दिया गया था। फिर इसी मुनाफे के जाल में उनके साथ धोखाधड़ी की गई। बताया जा रहा है कि मामला राजस्थान सरकार में ई-टॉयलेट और पर्यटन विभाग के विज्ञापन और टेंडर से है। हालांकि, विपक्ष के रूप में भाजपा लगातार सरकार के मुखिया अशोक गहलोत पर हमलावर है। बता दें कि वैभव गहलोत वर्तमान में राजस्थान क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हैं।वहीं, इस पूरे मामले में सीएम गहलोत के पुत्र वैभव ने ट्वीट कर इन सभी आरोपों को बेबुनियाद करार दिया है। साथ ही ट्वीट में लिखा है कि मीडिया में किसी प्रकरण को लेकर मेरा नाम चल रहा है। मुझे न तो इस बारे में कोई जानकारी हिया उर ही किसी तरह का संबंध है। हम सभी जानते हैं कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे झूठे आरोपों के साथ-साथ ऐसे कारस्तानियां और मैनुपुलेटेड बातें सामने आएंगी।
Next Story