Faridabad: ऑनलाइन पे-आउट सर्विस के नाम पर धोखाधड़ी, दो गिरफ्तार

फरीदाबाद: पे-आउट सर्विस प्रोवाईड करवाने के नाम पर एक व्यक्ति से लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ की टीम ने दो आरोपितों को औरंगाबाद बिहार से गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान गौरव (36) व अभिषेक (32) निवासी जिला औरंगाबाद बिहार के रुप में हुई है। आरोपितों को शुक्रवार अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। जांच में सामने आया कि घटनाक्रम का मुख्य सूत्रधार आरोपी गौरव है। जिसने शिकायतकर्ता के पास पे-आउट सर्विस प्रोवाईड करने के लिए फोन किया था। आरोपित अभिषेक खाताधारक है, जिसके खाता में ठगी के साढ़े आठ लाख रुपये आये थे। जांच में यह भी सामने आया है कि अभिषेक और गौरव दोनों दोस्त हैं। अभिषेक ने गौरव को अपना खाता दिया था।
अभिषेक के खाता को गौरव ही ऑपरेट कर रहा था। गौरव एम.बी.ए पास है, वह पहले गुरुग्राम की ही एक कंपनी में पे-आउट सर्विस प्रावाईडर का काम करता था, वही अभिषेक आईटीआई पास है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-62 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसका कोल्ड ड्रिंक का होलसेल का काम है। उसकी सेक्टर-64 में एक फर्म है, उसने अक्टूबर 2025 में इस्टाग्राम पर पे- आउट सर्विस लेने की एक एड देखी थी। इंस्टाग्राम पर सम्पर्क करने के बाद कथित व्यक्ति ने अपना नाम गौरव कुमार बतलाया फिर उनकी व्हॉसएप पर बात होने लगी, जिसके बाद कथित गौरव ने पे-आउट सर्विस प्रोवाईड करवाने के नाम पर शिकायतकर्ता से अलग-अलग ट्रांजेक्सनस में कुल साढ़े आठ लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिये। नवंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच में शिकायतकर्ता ने पैसे ट्रांसफर किए थे परंतु ना तो सर्विस मिली और ना ही कोई पैसा वापस मिला। जिसकी शिकायत पर थाना बल्लभगढ में मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई थी





