राजस्थान

चुनाव नजदीक देख पीसीसी पदाधिकारियों की संख्या बढ़ाने की कवायद

Admin Delhi 1
23 May 2023 12:31 PM GMT
चुनाव नजदीक देख पीसीसी पदाधिकारियों की संख्या बढ़ाने की कवायद
x

जयपुर: राजस्थान में चुनावी समय नजदीक आते ही प्रदेश कांग्रेस संगठन में पदाधिकारियों की खल रही कमी को दूर करने की कवायद तेज हो गई है। पीसीसी में जल्दी ही 50 नए पदाधिकारियों की सूची दिल्ली से जारी की जा सकती है। पीसीसी चीफ गोविन्द सिंह डोटासरा नामों की सूचियां पहले ही दिल्ली आलाकमान को मंजूरी के लिए भेज चुके हैं। सियासी संकट के बाद प्रदेश कांग्रेस संगठन का मुखिया बदलने के बाद संगठन में नियुक्तियों का सिलसिला कछुआ चाल ही रहा। पीसीसी से लेकर जिला स्तर तक कई पदाधिकारियों के पद खाली पड़े हैं, लिहाजा संगठन कार्यों के लिए भी विधायकों के भरोसे रहना पड़ रहा है। चूंकि चुनावी साल में विधायक भी अपने क्षेत्रों में खुद को मजबूत करने में जुट जाएंगे। ऐसे में संगठन की नियुक्तियां करना बेहद जरूरी माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार जिलाध्यक्षों की सूचियों पर फैसला होने में देरी के चलते फिलहाल 50 नए सचिव घोषित किए जा सकते हैं।

आलाकमान की मुहर लगना बाकी

डोटासरा प्रमुख नेताओं और मंत्रियों से नामों पर चर्चा करके प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा को पदाधिकारियों की सूचियां पहले ही भेज चुके हैं। इन सूचियों पर रंधावा की सीएम अशोक गहलोत और डोटासरा से चर्चा भी हो चुकी है।

अब आलाकमान की मुहर लगने के बाद रंधावा इन सूचियों को जारी करेंगे। प्रदेश सचिवों के अलावा अन्य पदों पर भी नियुक्तियां की जा सकती हैं। साथ ही नए पदाधिकारियों को जिलेवार जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

Next Story