राजस्थान

उद्यमिता प्रशिक्षण से जनजातीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की सीख

Admindelhi1
10 Oct 2026 11:14 AM IST
उद्यमिता प्रशिक्षण से जनजातीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की सीख
x
जनजातीय युवाओं के लिए उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

डूंगरपुर: प्रगति कॉलेज डूंगरपुर में शुक्रवार को उद्यमिता विकास कार्यक्रम के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। आईआईएम इन्क्यूबेशन सेंटर, उदयपुर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वरोजगार शुरू करने, व्यवसाय स्थापित करने और उसे आगे बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।

महाविद्यालय के निदेशक प्रशान्त चौबीसा के निर्देशन में हुए कार्यक्रम में आईआईएम इन्क्यूबेशन सेंटर के जिला प्रोजेक्ट मैनेजर रक्षित परमार ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा और नए विचारों की कमी नहीं है। उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण, वित्तीय संसाधन और बाजार से जुड़ाव मिलने पर वे उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं।

परमार ने विद्यार्थियों को व्यावसायिक कौशल विकास, उत्पाद की गुणवत्ता, बैंक वित्त, वित्तीय सहायता, बाजार तक पहुंच और व्यवसाय विस्तार के बारे में बताया। उन्होंने स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक ज्ञान का उपयोग कर नए उत्पाद विकसित करने तथा उनसे व्यावसायिक अवसर तैयार करने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय की कार्यक्रम समन्वयक एवं असिस्टेंट प्रोफेसर वैभिका पंचाल ने विद्यार्थियों से कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ अपना रोजगार शुरू करने के लिए भी प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया और उद्यम शुरू करने, वित्तीय सहायता प्राप्त करने तथा बाजार से जुड़ने से संबंधित जानकारियां हासिल कीं।

Next Story