राजस्थान

चुनावी तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, चौथे चरण की EVM कमीशनिंग पूरी

Admindelhi1
11 Nov 2026 9:15 AM IST
चुनावी तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, चौथे चरण की EVM कमीशनिंग पूरी
x
चौथे चरण के चुनाव की उलटी गिनती शुरू, मतदान दलों की रवानगी की तारीख तय

जयपुर: पंचायतीराज आम चुनाव के चतुर्थ चरण की तैयारियों के तहत मंगलवार को श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी, सीकर रोड परिसर में ईवीएम की कमीशनिंग का कार्य पूरा किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने परिसर का दौरा कर मतदान दलों की रवानगी और अंतिम प्रशिक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान दलों की रवानगी निर्धारित समय पर सुनिश्चित की जाए। निर्वाचन सामग्री का व्यवस्थित वितरण हो और मतदान कार्मिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। उन्होंने ईवीएम, मतपत्र और अन्य निर्वाचन सामग्री की पूरी जांच के बाद ही मतदान दलों को रवाना करने के निर्देश दिए, ताकि मतदान प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि चतुर्थ चरण में जिला परिषद के 13 वार्ड (38 से 50) तथा बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ और आंधी पंचायत समितियों के 82 पंचायत समिति वार्डों एवं 140 ग्राम पंचायतों के 446 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दल 13 नवंबर को अंतिम प्रशिक्षण के बाद इसी परिसर से रवाना होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान 14 नवंबर को होगा। पंच और सरपंच पदों के लिए 15 नवंबर को सुबह 8 से 11 बजे तक नामांकन प्रक्रिया होगी। इन पदों के लिए 16 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। वहीं, 17 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव संपन्न होगा।

निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज सिंह मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, बस्सी एसडीएम दीपक खटाणा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Next Story