राजस्थान

गाय को बचाने के प्रयास में करंट से झुलसा बुजुर्ग

Admin4
9 April 2023 11:27 AM GMT
गाय को बचाने के प्रयास में करंट से झुलसा बुजुर्ग
x
भरतपुर। भरतपुर बयाना के गढ़ी बाजना थाना इलाके के गांव मांगरैन में शुक्रवार शाम गाय को बचाने के प्रयास में एक बुजुर्ग खुद करंट की चपेट में आकर झुलस गया। झुलसे बुजुर्ग को परिजनों ने बयाना सीएचसी में भर्ती कराया है। अस्पताल में मौजूद परिजनों ने बताया कि बुजुर्ग किसान बलवीर सिंह गुर्जर (65) शाम करीब 4 बजे खेतों की तरफ जा रहा था। तभी रास्ते में नीचे झूल रहे बिजली तारों की चपेट में आकर एक लावारिस गाय करंट से चिपक गई। इसे देख बुजुर्ग बलवीर सिंह ने गाय को करंट से बचाने का प्रयास किया, लेकिन खुद करंट की चपेट में आ गया। हालांकि गाय करंट से छूटकर भाग गई।
सूचना मिलने पर परिजनों ने आसपास के लोगों की मदद से करंट से झुलसे बुजुर्ग को उपचार के लिए बयाना सीएचसी में भर्ती कराया। उपचार के बाद बुजुर्ग की हालत में सुधार बताया जा रहा है। अस्पताल में मौजूद लोगों ने बताया कि शहरी क्षेत्रों की तरह ग्रामीण क्षेत्रों में भी लावारिस गोवंश आमजन और किसानों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। इनके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लावारिस गोवंश भी चारे- पानी के अभाव में इधर-उधर भटकने को मजबूर है। लोगों ने सरकार से हर ग्राम पंचायत स्तर पर गौशाला खुलवाकर लावारिस गोवंश की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
Next Story