राजस्थान

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का बड़ा ऐलान, सरकारी और निजी स्कूलों में अब एक जैसी ड्रेस

SHIDDHANT
28 Oct 2025 8:52 PM IST
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का बड़ा ऐलान, सरकारी और निजी स्कूलों में अब एक जैसी ड्रेस
x
Kota कोटा। राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने शिक्षा व्यवस्था में एकरूपता और राष्ट्रप्रेम की भावना को सशक्त करने के लिए बड़ा बयान दिया है। मंत्री ने कहा कि अब प्रदेश के सरकारी और निजी विद्यालयों में छात्रों के लिए एक जैसी ड्रेस अनिवार्य की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि "सरकारी विद्यालय और निजी विद्यालय में एक ही रंग और एक ही प्रकार की ड्रेस होगी," जिससे शिक्षा के क्षेत्र में समानता का संदेश जाएगा और समाज में वर्गभेद की भावना कम होगी। शिक्षा मंत्री दिलावर ने यह भी कहा कि पंचायत राज विभाग और शिक्षा विभाग के सभी कार्यालयों में राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत से दिन की शुरुआत और समाप्ति होगी। उनका कहना था कि यह कदम कर्मचारियों और अधिकारियों में देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करेगा और कार्यस्थलों पर सकारात्मक वातावरण बनाएगा।
उन्होंने कहा, “मैंने निर्देश दिया है कि सरकारी स्कूलों और निजी स्कूलों के बच्चों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। एक समान ड्रेस से बच्चों में एकता की भावना बढ़ेगी और शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य—समाज को जोड़ना—सार्थक होगा। दिलावर ने आगे कहा कि शिक्षा विभाग का उद्देश्य केवल अकादमिक विकास नहीं, बल्कि नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों को भी सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि इस फैसले पर विभागीय स्तर पर विस्तृत चर्चा की जा रही है और जल्द ही राज्य के सभी जिलों को इस संबंध में दिशा-निर्देश भेजे जाएंगे।
जानकारों के अनुसार, इस निर्णय से निजी स्कूलों पर भी सरकारी मापदंडों का पालन करने का दबाव बनेगा। वहीं, अभिभावक वर्ग में इस पहल को लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं हैं—कुछ इसे “समानता का प्रतीक” बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे “स्वतंत्रता पर अंकुश” मान रहे हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को अनुशासित, नैतिक और संस्कारयुक्त बनाने के लिए सरकार कई नीतिगत परिवर्तन कर रही है। जल्द ही ड्रेस कोड के साथ-साथ राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के पालन की व्यवस्था को भी लागू किया जाएगा।
Next Story