राजस्थान

Dungarpur: विश्वद्वीप रंगोत को मिली बड़ी सौगात, सांसद राजकुमार रोत ने दिया अत्याधुनिक धनुष सेट

Admindelhi1
22 Aug 2026 10:23 AM IST
Dungarpur: विश्वद्वीप रंगोत को मिली बड़ी सौगात, सांसद राजकुमार रोत ने दिया अत्याधुनिक धनुष सेट
x
विश्वद्वीप रंगोत के हुनर को मिलेगी उड़ान, सांसद रोत ने उपलब्ध कराया अत्याधुनिक धनुष

डूंगरपुर: आदिवासी बहुल क्षेत्र के युवाओं में खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाने की दिशा में बांसवाड़ा-डूंगरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजकुमार रोत ने एक सराहनीय कदम उठाया है। सांसद ने जिले के प्रतिभावान युवा तीरंदाज विश्वद्वीप रंगोत की खेल क्षमता को देखते हुए सीएसआर मद से 4.95 लाख रुपये की लागत का अत्याधुनिक रिकर्व धनुष सेट भेंट किया है।

यह खेल उपकरण डूंगरपुर के वरिष्ठ नागरिक सोमालाल कोटेड द्वारा तीरंदाज विश्वद्वीप को आधिकारिक रूप से सुपुर्द किया गया।

ग्राम पंचायत गंधवापाल के निवासी बापूलाल रंगोत के पुत्र विश्वद्वीप रंगोत ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर तीरंदाजी के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। विश्वद्वीप ने 66वीं, 67वीं एवं 68वीं राज्य स्तरीय स्कूल तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया।


इसके उपरांत, 69वीं राज्य स्तरीय स्कूल प्रतियोगिता (2025-26) में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं, राज्य स्तरीय जनजाति खेलकूद प्रतियोगिता (2024-25) में उन्होंने रजत पदक हासिल कर डूंगरपुर जिले और पूरे आंचल का नाम रोशन किया।

धनुष सेट सुपुर्दगी के इस विशेष अवसर पर सांसद राजकुमार रोत ने डूंगरपुर स्थित तीरंदाजी खेल छात्रावास का औचक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में अभ्यास कर रहे तमाम प्रतिभावान खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। सांसद ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल के क्षेत्र में अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


इस अवसर पर अपने संदेश में सांसद राजकुमार रोत ने कहा कि क्षेत्र के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि इन होनहारों को समय पर उचित संसाधन और आधुनिक सुविधाएं मिल जाएं, तो वे राज्य स्तर के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फलक पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बांसवाड़ा-डूंगरपुर क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार के अभाव का सामना न करना पड़े, इसके लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और आगे भी खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाता रहेगा।

Next Story