राजस्थान

Dungarpur: डूंगरपुर में दर्दनाक हादसा, बस की चपेट में आने से दो युवकों की जान गई

Admindelhi1
10 July 2026 2:02 PM IST
Dungarpur: डूंगरपुर में दर्दनाक हादसा, बस की चपेट में आने से दो युवकों की जान गई
x
डूंगरपुर में भीषण सड़क हादसा, बस की टक्कर से दो युवकों की मौत

डूंगरपुर: शहर के शास्त्री कॉलोनी रोड पर शुक्रवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बस की टक्कर से सड़क पर गिरने के बाद बस का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

कोतवाली थाना के उपनिरीक्षक भरत मीणा ने बताया कि हादसा सुबह करीब आठ बजे बस स्टैंड से तहसील चौराहा मार्ग पर मेवाड़ फर्नीचर के सामने हुआ। एक निजी बस ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर गए। इसके बाद बस का पहिया दोनों के सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।

मृतकों की पहचान खेरवाड़ा निवासी नरेश खटीक (29) पुत्र मणिलाल खटीक तथा सलूंबर निवासी गोपाल खटीक (30) पुत्र रामचंद्र खटीक के रूप में हुई है। दोनों आपस में ममेरे भाई थे। वे इन्द्रखेत गांव में नरेश के चाचा लक्ष्मण खटीक के निधन के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे। परिजनों के अनुसार दोनों शव को पहनाने के लिए कुर्ते पर प्रेस करवाने डूंगरपुर शहर आए थे और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।दुर्घटना के कारण बस स्टैंड से तहसील चौराहा मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने दूसरे मार्ग से यातायात डायवर्ट कर स्थिति सामान्य कराई।

पुलिस के अनुसार हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा बस और चालक की तलाश की जा रही है।

Next Story