राजस्थान

Dungarpur: डूंगरपुर में यूजीसी कानून के खिलाफ आंदोलन की तैयारी, करणी सेना सक्रिय

Admindelhi1
8 Aug 2026 1:37 PM IST
Dungarpur: डूंगरपुर में यूजीसी कानून के खिलाफ आंदोलन की तैयारी, करणी सेना सक्रिय
x
डूंगरपुर में यूजीसी कानून का विरोध, क्षत्रिय करणी सेना ने उठाई आवाज

डूंगरपुर: केंद्र सरकार द्वारा विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के लिए लागू किए गए यूजीसी के नए नियमों के विरोध में 23 अगस्त को दिल्ली के जंतर-मंतर पर 'सवर्ण आक्रोश महापंचायत' आयोजित की जाएगी। यह जानकारी क्षत्रिय करणी सेना और अखंड पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत ने शुक्रवार को डूंगरपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

राज शेखावत जनजागरण जागरूकता वाहन यात्रा के तहत डूंगरपुर पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यूजीसी के नए नियम सामान्य वर्ग के युवाओं के हितों के प्रतिकूल हैं और इससे मेधावी विद्यार्थियों के अवसर प्रभावित होंगे।

उन्होंने बताया कि नए नियमों के खिलाफ मामला उच्चतम न्यायालय में विचाराधीन है। उनका कहना था कि पिछले छह माह से सरकार से नियम वापस लेने की मांग की जा रही है, लेकिन इस दिशा में कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से होकर गुजर रही जनजागरण यात्रा दिल्ली पहुंचेगी, जहां 23 अगस्त को प्रस्तावित महापंचायत के साथ आंदोलन की शुरुआत की जाएगी।

राज शेखावत ने आरोप लगाया कि विभिन्न राजनीतिक दलों ने सामान्य वर्ग के हितों के लिए कोई ठोस पहल नहीं की है और उनके अधिकारों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि यूजीसी के नए नियम वापस नहीं लिए गए तो आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही आगामी चुनावों के दौरान सामान्य वर्ग के हितों की अनदेखी करने वाले राजनीतिक दलों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने की बात भी कही।

Next Story