राजस्थान

Dungarpur: ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर, 280 को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण

Admindelhi1
15 Aug 2026 1:45 PM IST
Dungarpur: ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर, 280 को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण
x
280 महिलाओं को मिलेगा हुनर, रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण से बढ़ेगी आत्मनिर्भरता

डूंगरपुर: ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में डूंगरपुर जिले को एक बड़ी सौगात मिली है। राजस्थान स्किल एंड लाइवलीहुड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन द्वारा दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत जिले की 280 गरीब ग्रामीण महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने के लिए गुरुकुल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस पहल से अंचल की महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए द्वार खुलेंगे।

स्वीकृत परियोजना के तहत चयनित महिलाओं को सिलाई कार्य में सैंपलिंग टेलर सहित अन्य रोजगारोन्मुखी कौशलों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के साथ-साथ निजी क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। योजना के अंतर्गत कुल 280 महिलाओं को प्रशिक्षित कर उनमें से कम से कम 260 महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया गया है।

विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान केवल तकनीकी दक्षता ही नहीं, बल्कि महिलाओं के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया जाएगा। प्रशिक्षण में बेसिक कंप्यूटर ज्ञान, सॉफ्ट स्किल्स, अंग्रेजी संवाद क्षमता और व्यक्तित्व विकास (पर्सनालिटी डेवलपमेंट) पर विशेष फोकस किया जाएगा, ताकि महिलाएं आज के आधुनिक कार्यस्थलों की आवश्यकताओं के अनुरूप खुद को ढाल सकें।

गुरुकुल संस्थान के निदेशक डॉ. शरद जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रशिक्षण पूरी तरह आवासीय व्यवस्था के साथ डूंगरपुर जिले में ही संचालित किया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान महिलाओं के रहने, खाने, यूनिफॉर्म, अध्ययन सामग्री और प्रैक्टिकल से जुड़ी सभी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। संस्थान ने जिले की इच्छुक ग्रामीण महिलाओं से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आवश्यक दस्तावेजों के साथ संस्थान से संपर्क कर अपना पंजीकरण कराएं।

Next Story