राजस्थान

डूंगरपुर: गहलोत सरकार तीन महीने में सवा करोड़ महिलाओं को मोबाइल देगी

Admin Delhi 1
15 April 2022 2:16 PM GMT
डूंगरपुर: गहलोत सरकार तीन महीने में सवा करोड़ महिलाओं को मोबाइल देगी
x

राजस्थान न्यूज़: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि बजट में की गई घोषणाओं में से 220 घोषणाएं पूरी हो चुकी हैं और अगले तीन माह में 1 करोड़ 33 लाख चिरंजीवी परिवारों की महिला मुखियाओं को मोबाइल फोन उपलब्ध कराया जाएगा जिसमें 3 साल तक के लिए इंटरनेट फ्री रहेगा। शुक्रवार को डूंगरपुर में गुजरात-राजस्थान की सीमा रतनपुर बॉर्डर पर डांडी यात्रा के स्वागत के दौरान सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने राजस्थान में लागू की गई चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना को मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे हर परिवार को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हुई है। एक अप्रैल से सरकारी अस्पतालों में जांच से लेकर दवाइयां तक निःशुल्क कर दी गई हैं। प्रदेश में अब सभी को निःशुल्क उपचार उपलब्ध हो रहा है। विपक्ष की चुटकी लेते हुए गहलोत ने कहा कि विपक्ष को बजट घोषणाओं की चिंता करने की जरूरत नहीं है। इसके लिए वे स्वयं चिंता कर रहे हैं। अब तक बजट की 220 घोषणाएं लागू हो चुकी हैं और वे खुद इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि रामनवमी पर राजस्थान में कहीं अशांति नहीं हुई जब कि भाजपा शासित प्रदेशों में अशांति हुई। कांग्रेस हमेशा से शांति और सौहार्द्र की पक्षधर रही है और इसी कारण राजस्थान में पाबंदियां लगाई गई थीं। उन्होंने कहा कि आरएसएस हिन्दू हित की बात करता है तो उसे छुआछूत, ऊंच-नीच की खाई को दूर करने के लिए काम करना चाहिए। गहलोत ने कहा कि सरदार पटेल ने जब आरएसएस पर प्रतिबंध लगाया था तब आरएसएस ने लिखकर दिया था कि वे कभी राजनीति में भाग नहीं लेंगे। वे सामाजिक-सांस्कृतिक संगठन हैं। गहलोत ने कहा कि आरएसएस को अपनी इस भूमिका पर कायम रहना चाहिए। राजस्थान से मंत्री पद छोड़कर गुजरात के प्रभारी बनाए गए रघु शर्मा सहित गोविन्द सिंह डोटासरा, हरीश चौधरी का नाम लेते हुए गहलोत ने कहा कि जो भी गुजरात राज्य का प्रभारी बनाया जाता है, आने वाले समय में वह मुख्यमंत्री बनता है। वे स्वयं भी गुजरात के प्रभारी रहे थे। गहलोत ने कहा कि मंत्री पद कोई बड़ा पद नहीं होता, संगठन सर्वोपरि होता है। आज का त्याग कल बड़ा फल देगा।

इससे पहले गुजरात राज्य प्रभारी रघु शर्मा के नेतृत्व में गुजरात के गांधी आश्रम साबरमती से कांग्रेस सेवादल की डांडी यात्रा का रतनपुर बॉर्डर पर कांग्रेस कांग्रेस महासचिव अजय माकन, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुष्प वर्षा कर व सूत की माला से स्वागत किया। इस मौके पर सेवादल कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, जल संसाधन मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीया, जनजाति मंत्री अर्जुन बामणिया, यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश घोघरा, गुजरात से प्रदेश अध्यक्ष जगदीश ठाकुर सहित कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

Next Story