राजस्थान

Dungarpur: गेंजी गांव में मगरमच्छ की दस्तक, लोगों को तालाब से दूर रहने की सलाह

Admindelhi1
4 July 2026 4:39 PM IST
Dungarpur: गेंजी गांव में मगरमच्छ की दस्तक, लोगों को तालाब से दूर रहने की सलाह
x
गेंजी गांव के तालाब में मगरमच्छ दिखने से बढ़ी चिंता

डूंगरपुर: जिले के गेंजी गांव के मुख्य तालाब में पिछले कई दिनों से एक विशालकाय मगरमच्छ की मौजूदगी ने ग्रामीणों और पशुपालकों की नींद उड़ा रखी है। घनी आबादी के बीच स्थित इस तालाब पर रोजाना सैकड़ों मवेशी पानी पीने आते हैं, साथ ही ग्रामीण भी घरेलू कार्यों के लिए यहाँ पहुँचते हैं। ऐसे में तालाब के किनारे हर वक्त किसी बड़े हादसे या हमले की आशंका बनी रहती है, जिससे पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों और समाजसेवी अनिल जैन के अनुसार, वर्तमान में तालाब का जलस्तर काफी कम हो चुका है, जिससे मगरमच्छ को आसानी से रेस्क्यू किया जा सकता है। इसके बावजूद वन विभाग इस गंभीर समस्या को लेकर पूरी तरह उदासीन बना हुआ है। अनिल जैन ने बताया कि इस संबंध में वन विभाग के अधिकारियों को मौके का मुआयना कराने के साथ-साथ ग्राम पंचायत और ग्राम विकास अधिकारी को भी लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है। पंचायत प्रशासन द्वारा वन विभाग से संपर्क साधने के बाद भी अब तक धरातल पर कोई ठोस कार्ययोजना नजर नहीं आई है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और वन विभाग के उच्चाधिकारियों से जनहित व सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए तुरंत रेस्क्यू टीम भेजने और मगरमच्छ को किसी सुरक्षित जलाशय में स्थानांतरित करने की पुरजोर मांग की है।

Next Story