राजस्थान

Dungarpur: लू एवं ताप घात प्रभाव को देखते हुए बचाव एवं तैयारी की समीक्षा बैठक आयोजित

Tara Tandi
9 April 2025 6:25 PM IST
Dungarpur: लू एवं ताप घात प्रभाव को देखते हुए बचाव एवं तैयारी की समीक्षा बैठक आयोजित
x
Dungarpur डूंगरपुर: आपदा प्रबंधन सहायता नागरिक सुरक्षा विभाग मंत्री की अध्यक्षता में वर्ष 2025 में लू-तापघात प्रभाव को देखते हुए बचाव तथा तैयारी एवं अग्रिम व्यवस्थाओं की समीक्षा और आवश्यक विचार विमर्श हेतु बुधवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बैठक का आयोजन किया गया।
वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से प्रदेश भर के सभी जिलों के जिला कलेक्टर्स को हीट वेव की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए चिकित्सा, पेयजल सहित समस्त तैयारियां पूर्ण से ही रखने के निर्देश दिए।
डूंगरपुर जिला स्तर पर डीओ आईटी वीसी कक्ष में जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी हनुमान सिंह राठौड़, उपखंड अधिकारी डूंगरपुर सांवरलाल, अधीक्षण अभियंता एवीएनएल, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ महेंद्र डामोर, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विपिन मीणा, संयुक्त निदेशक पशुपालन डॉ दिनेश बामनिया, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी नवीन प्रकाश जैन, सहायक निदेशक जनसंपर्क छाया चौबीसा, श्रम विभाग अधिकारी,नगर परिषद से कुलदीप चौहान सहित संबंधित अधिकारी गण मौजूद रहे।
वीडियो कांफ्रेंस के पश्चात जिला कलक्टर सिंह ने हीट वेव की संभावनाओं के मद्देनजर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को प्रार्थना सभा का आयोजन खुले स्थान में धूप में नहीं करने, विद्यालयों में किसी भी तरह का आयोजन धूप तथा खुले में न करने, ओआरएस घोल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सभी ब्लॉक लेवल अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित करते हुए निर्देशित करने, नगर परिषद को बस स्टैंड पर आवश्यकता अनुसार छाया एवं पानी की उपलब्धता करने, पीएचईडी अधीक्षण अभियंता को पूरे जिले में पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु अग्रिम कार्यवाही करने, आवश्यक होने पर टैंकर हेतु व्यवस्थाएं करने, एवीएनएल अधिकारी को पूर्व से ही रख रखाव सुनिश्चित करते हुए विद्युत आपूर्ति निर्बाध रूप से करने, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सभी सीएचसी तथा पीएचसी स्तर पर बैठक लेते हुए सभी चिकित्सकीय प्रबंधन सुनिश्चित करने, कूलर , पंखे , एसी कार्य अवस्था में शुरू होने तथा खराब होने की स्थिति में तत्काल मरम्मत करवाने, गौशाला, आश्रय स्थलों पर भी समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए।
जिला अस्पताल का किया निरीक्षण
हिट वेव की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पूर्व तैयारी के तहत जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने बुधवार को जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया तथा वहां आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार किए गए वार्ड का अवलोकन किया। उन्होंने वार्ड में बेड उपलब्धता, आइस पैक, हीट वेव के उपचार में काम आने वाली दवाइयां की उपलब्धता, जांच उपकरण का सघन निरीक्षण करते हुए महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश प्रदान किये।
आमजन से की अपील
जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने गर्मी के मौसम में तापमान में बढ़ोतरी होने पर एवं लू -तापघात से बचने हेतु आमजन से बचाव के उपाय करते रहने, लगातार पानी पीने, छाछ, नींबू पानी एवं पेय पदार्थ का सेवन करने, डिहाइड्रेशन से बचने, बच्चों को अधिक गर्मी की स्थिति में बाहर नहीं निकलने देने, उन्हें गर्मी से बचाने तथा किसी भी स्थिति में उल्टी- दस्त या बीमार होने पर तत्काल चिकित्सा उपचार लेने की अपील की है।
यह बरते सावधानी
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ महेंद्र डामोर ने सावधानी बरतते हुए गर्मी के मौसम में कटे, सड़े-गले फलों का सेवन नहीं करने, दूषित जल पीने से बचने, छोटे शिशु जो बोतल से दूध पीते हैं, उनकी बोतल को अच्छी तरह साफ करने ,खानपान के साथ सफाई पर विशेष ध्यान देने, बच्चों एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने , समय-समय पर हेल्थ चेकअप कराते रहने, साथ ही उनके खानपान का शेड्यूल निर्धारित करने और उसके अनुसार ही दिनचर्या बनाने, बच्चों का जितना हो सकें गर्मी से बचाव करने, हीट स्ट्रोक से बचने के लिए दिन में सबसे ज्यादा गर्मी वाले समय में घर से बाहर नही निकलने, अत्यधिक मात्रा में पानी और जूस पीने की सलाह दी है, जिससे शरीर में पानी की कमी ना हो। उन्होंने डी-हाइड्रेशन, पेट संबंधी समस्या, लू लगना, थकावट, फूड पॉयजनिंग, उल्टी या दस्त से पीडि़त होने पर तत्काल समीपस्थ चिकित्सा केंद्र से चिकित्सकीय परामर्श के साथ उपचार लेने की बात कही है।
---000---
Next Story