जोधपुर में विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों की जांच, पांच पर कार्रवाई

जोधपुर: वीजा नियमों के उल्लंघन के मामलों में जोधपुर में डिटेन की गईं पांच विदेशी महिलाओं को स्वदेश भेज दिया गया। इनमें चार थाईलैंड और एक लाओस की नागरिक हैं। एफआरओ जोधपुर शहर एवं सीआईडी एसएसबी जोन जोधपुर की कार्रवाई में इन पर कुल 9 लाख 17 हजार 680 रुपये की पेनल्टी लगाई गई।
पांचों महिलाओं के खिलाफ 19 नवंबर 2026 को डिपोर्टेशन की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद उन्हें नई दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से उनके देशों के लिए रवाना कर दिया गया।
इस कार्रवाई के साथ एफआरओ जोधपुर शहर ने होटल और स्पा सेंटर संचालकों को विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संचालकों से कहा गया है कि उनके यहां ठहरने वाले विदेशी नागरिकों के पासपोर्ट और वीजा की वैधता अनिवार्य रूप से जांचें तथा निर्धारित समय में सी-फॉर्म भरें।
एफआरओ ने स्पष्ट किया कि बिना वैध दस्तावेजों के विदेशी नागरिकों को ठहराने, उनकी जानकारी छिपाने या सी-फॉर्म संबंधी नियमों की अवहेलना करने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने कहा कि विदेशी नागरिकों के आवागमन और ठहराव से जुड़े नियमों का पालन अनिवार्य है। उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी।





