राजस्थान

संभाग स्तरीय एक दिवसीय अहिंसा सम्मेलन हुआ आयोजित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचार

Tara Tandi
23 Aug 2023 1:40 PM GMT
संभाग स्तरीय एक दिवसीय अहिंसा सम्मेलन हुआ आयोजित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचार
x
गांधी दर्शन करुणा, सहिष्णुता और दया का दर्शन है। युवा गांधीवादी विचारों को आत्मसात् कर देश और समाज को आगे बढ़ाए। यह बात राजस्व मंत्री श्री रामलाल जाट ने बुधवार को नगर परिषद टाउनहॉल में आयोजित एक दिवसीय संभाग स्तरीय अहिंसा सम्मेलन के दौरान कही। शांति एवं अहिंसा निदेशालय राजस्थान तथा जिला प्रशासन के तत्वावधान में यह आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री श्री रामलाल जाट ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के बताए मार्ग पर चलकर ही जीवन को सार्थकता प्रदान की जा सकती है। उन्होंने कहा कि गांधीजी के विचार प्रेम और भाईचारे की राह पर चलने का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि सत्य एवं अहिंसा के मार्ग की भूमिका देश की आजादी में महत्वपूर्ण रही है।
श्री जाट ने कहा कि गांधी जी के विचारो को प्रत्येक घर परिवार तक पहुंचने का कार्य माननीय मुख्यमंत्री ने शांति एवं अहिंसा निदेशालय की स्थापना के माध्यम से किया। राजस्थान में पारदर्शी सरकार का सपना मुख्यमंत्री महोदय के निर्देशन में अब साकार हो रहा है।
गांधी दर्शन के विचारो की वर्तमान परिवेश में सबसे ज्यादा आवश्यकता हैं। राज्य सरकार द्वारा नए जिले के माध्यम से प्रशासनिक विकेंद्रीकरण किया। जिसका फायदा राजस्थान की जनता को मिला है। उन्होंने सत्य के साथ संघर्ष के महत्व की आवश्यकता बताई साथ ही कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचार जिस घर में है वह स्वर्ग है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचार थे कि अंतिम छोर के व्यक्ति को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई जानी चाहिए। गांधीजी के इसी मूल मंत्र को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राज्य सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की है जिससे प्रदेश के हर तबके को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी नागरिकों के हित में निरोगी राजस्थान के सपने को साकार करते हुए मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, महिला सशक्तिकरण को बढावा देने एवं महिलाओं को डिजिटल तकनीक से जोडने हेतु इंदिरा गांधी स्मार्टफोन योजना, पालनहार योजना, दिव्यांगजनों को स्कूटी, महंगाई राहत कैम्प के माध्यम से दस प्रकार की योजनाओं में आमजन को महंगाई से राहत प्रदान करने के साथ विभिन्न योजनाएं संचालित कर आमजन को लाभ प्रदान किया जा रहा है।
दूसरों के प्रति दया व करूणा का भावना रखते हुए हर जरूरतमंद की करें मदद- श्री त्रिपाठी
जिले के शांति एवं अहिंसा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक श्री अक्षय त्रिपाठी ने सम्मेलन में उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि अहिंसा के मार्ग पर चलकर जिस प्रकार महात्मा गांधी ने देश को आजादी दिलाई उसी प्रकार हमें भी इसी मार्ग पर चलकर देश के विकास एवं उन्नति में सहयोग देना चाहिए। अहिंसा का मतलब दूसरों के प्रति दया व करूणा का भावना रखते हुए हर जरूरतमंद की मदद की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि शांति एवं अहिंसा निदेशालय के निर्देशानुसार यह कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। जिसमें गांधी विचारक और संभाग के विभिन्न जिलों से शांति एवं अहिंसा प्रकोष्ठ के संयोजक व सहसंयोजक आए है। सम्मेलन के माध्यम से विभिन्न गांधीवादी विचारकों द्वारा अपने विचारों का आदान-प्रदान किया गया। साथ ही राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। महात्मा गांधीजी के सिद्धांतों से आमजन को अवगत करवाकर शांति कायम रखने के लिए भी पुरजोर कार्य किया जाएगा।
जिला कलक्टर श्री आशीष मोदी ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि महात्मा गांधीजी के जीवन के बारे में जितना पढ़ा जाए, जितना लिखा जाए उतना कम है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत का आभार प्रकट करते हुए कहा कि महात्मा गांधीजी का जीवन सामाजिक समरसता का संदेश देता है। उन्होंने गांधीजी के विचारों को अंतिम छोर तक पहुंचाने की बात कही।
जिला कलक्टर ने संभाग स्तरीय अहिंसा सम्मेलन की सम्पूर्ण जानकारी देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से गांधीजी के आदर्शो एवं विचारों का आमजन में प्रसार कर समाज में फैली नकारात्मकता को समाप्त किए जाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी जी के जीवन की कई घटनाएं हमारे जीवन को प्रभावित करती हैं।
सहाड़ा विधायक श्रीमती गायत्री देवी त्रिवेदी ने कहा कि गांधीजी की विचारधारा वर्तमान में ही नहीं अपितु भविष्य में भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पूरा विश्व गांधीजी की विचाराधारा को अपना कर उसे मूर्तरूप प्रदान कर रहा है।
कार्यक्रम में निवाई विधायक श्री प्रशांत बैरवा, पूर्व विधायक श्री विवेक धाकड़, गांधीवादी विचारक श्री सवाई सिंह ने भी अपने-अपने शब्दों में महात्मा गांधी के विचारों एवं जीवन दर्शन को प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्री मोहनलाल खटनावलिया ने उपस्थित सभी लोगों को मतदाता शपथ भी दिलाई।
मोबाईल वेन को दिखाई हरी झंडीः-
कार्यक्रम के पश्चात राजस्व मंत्री श्री रामलाल जाट, जिला कलक्टर श्री आशीष मोदी ने आमजन को राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए मोबाईल एल.ई.डी. वेन को हरी झंडी दिखाई।
इस दौरान जिला संयोजक नागौर जगदीश नारायण शर्मा, जिला संयोजक टोंक श्री शंकर, सहसंयोजक श्री राजेश चौधरी, श्री ओमप्रकाश तेली, श्री मुश्ताक अली मंसूरी, गांधीवादी विचारक श्री शंकरलाल काबरा, व्याख्याता श्री पयोद जोशी, श्रीमती देवकान्ता शर्मा आदि गांधीवादी विचारक, जिले में उपखण्ड से संयोजक व सहसंयोजक, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
---000---
Next Story