राजस्थान

सब्जी की ठेली लगाने को लेकर विवाद, पिता के चेहरे पर चाकू से वार तो बेटे के चार दांत टूटे; SC-ST एक्ट में केस दर्ज

jantaserishta.com
10 Nov 2026 2:37 PM IST
सब्जी की ठेली लगाने को लेकर विवाद, पिता के चेहरे पर चाकू से वार तो बेटे के चार दांत टूटे; SC-ST एक्ट में केस दर्ज
x
14-15 टांके आए.
अलवर: राजस्थान के अलवर शहर के अखैपुरा थाना क्षेत्र में सब्जी की ठेली लगाने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित कुनाल वर्मा ने कुछ लोगों पर अपने पिता किशनलाल और उसके साथ मारपीट करने, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। कुनाल की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, घटना 7 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे अशोका टॉकीज के पास हुई। उसके पिता किशनलाल वहां सब्जी की ठेली लगाते थे। घटना के समय उसकी मां भी उनके साथ मौजूद थीं।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि हर्ष उर्फ लक्खा सरदार, हन्नी पंजाबी और उनके साथ आए तीन-चार अन्य युवकों ने लाठी और सरियों से सब्जी की ठेली तोड़नी शुरू कर दी। जब किशनलाल ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर उनके साथ जातिसूचक अपशब्दों का इस्तेमाल किया। आरोप है कि उनसे कहा गया कि वे सब्जी बेचकर उनका धर्म भ्रष्ट कर रहे हैं।
पिता के चेहरे पर चाकू से वार, 14-15 टांके आए
पीड़ित की शिकायत के अनुसार, विवाद के दौरान एक आरोपी ने किशनलाल के चेहरे पर चाकू से वार कर दिया। इससे उनका चेहरा कट गया। वहीं, अन्य युवकों ने लाठी और सरियों से उनके साथ मारपीट की। रिपोर्ट में बताया गया है कि इस हमले में किशनलाल के चेहरे पर गंभीर चोट आई और उन्हें करीब 14 से 15 टांके लगवाने पड़े। घटना के बाद परिवार में डर और चिंता का माहौल बन गया।
बेटे को जबरन उठाकर ले जाने का आरोप
कुनाल ने अपनी शिकायत में बताया कि जब उसे पिता के साथ हुई घटना की जानकारी मिली तो वह अशोका टॉकीज के पास पहुंचा। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी दोबारा वहां आए और उसे जबरन उठाकर कोली मोहल्ले में ले गए।nपीड़ित का आरोप है कि वहां उसके कपड़े उतारकर लाठी और सरियों से बेरहमी से मारपीट की गई। इसके बाद उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया।
कुनाल के मुताबिक, हर्ष उर्फ लक्खा सरदार और हन्नी पंजाबी ने उसके चेहरे पर सरिये से वार किया, जिससे उसके चार दांत टूट गए। मारपीट में उसके शरीर के दूसरे हिस्सों पर भी चोटें आईं।
पिता-पुत्र के रुपये निकालने का भी आरोप
कुनाल ने अपनी रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान पिता-पुत्र के रुपये भी निकाल लिए। पीड़ित के अनुसार, इस पूरी घटना में उसके पिता और उसे गंभीर चोटें आई हैं। कुनाल वर्मा (22) पुत्र किशनलाल वर्मा, निवासी गायवाला मोहल्ला, बाग वाली बाखल, अलवर ने 9 नवंबर 2026 को अखैपुरा थाने में लिखित शिकायत दी।
एससी-एसटी एक्ट सहित कई धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस प्रकरण का अनुसंधान आरपीएस अधिकारी राजेश कसाना, सीओ नॉर्थ अलवर को सौंपा गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पिता-पुत्र पर हमले, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और रुपये निकालने से जुड़े आरोपों की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story