राजस्थान

धौलपुर परिवहन विभाग का बड़ा रिकॉर्ड, 25 हजार से ज्यादा चालान काटे

Admindelhi1
20 Nov 2026 11:24 AM IST
धौलपुर परिवहन विभाग का बड़ा रिकॉर्ड, 25 हजार से ज्यादा चालान काटे
x
राजस्थान में चालान से कमाई में धौलपुर अव्वल, पिछले साल से 3 करोड़ ज्यादा वसूली

धौलपुर: राजस्थान के धौलपुर जिले ने यातायात नियमों के पालन और परिवहन विभाग की प्रवर्तन कार्रवाई के तहत चालान से प्राप्त प्रशमन राशि के मामले में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने 25,061 चालान बनाकर कुल 12 करोड़ 44 लाख 42 हजार रुपये की राशि अर्जित की है। यह प्रदेश के सभी जिलों में सर्वाधिक है।

परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग की ओर से जारी राज्य स्तरीय जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) रैंकिंग के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 से 16 नवंबर 2026 तक धौलपुर जिला परिवहन कार्यालय ने कुल 25,061 चालान बनाए। इन चालानों से विभाग को 1244.42 लाख रुपये की प्रशमन राशि प्राप्त हुई।

जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार विभाग के राजस्व और प्रवर्तन कार्यों में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है।

आंकड़ों के अनुसार, 1 अप्रैल से 16 नवंबर 2025 के दौरान धौलपुर परिवहन विभाग ने 937.50 लाख रुपये की प्रशमन राशि अर्जित की थी। वहीं इस वर्ष समान अवधि में यह राशि बढ़कर 1244.42 लाख रुपये पहुंच गई है।

इस प्रकार पिछले वर्ष के मुकाबले 306.92 लाख रुपये यानी 3 करोड़ 6 लाख 92 हजार रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

गौरव यादव ने बताया कि यह उपलब्धि जिले में यातायात नियमों के पालन को लेकर बरती जा रही सख्ती और परिवहन विभाग की टीम द्वारा लगातार की जा रही प्रवर्तन कार्रवाई का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का उल्लंघन रोकने के लिए विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

जिला परिवहन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि कोई वाहन नियमों के विरुद्ध संचालित पाया जाता है, तो उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान बनाए जाएंगे। विभाग सरकार की ओर से निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए भी लगातार प्रयास करेगा।

धौलपुर जिला परिवहन विभाग ने प्रशमन राशि संग्रह में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विभाग के अनुसार, आने वाले समय में भी यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के लिए प्रवर्तन अभियान जारी रहेंगे।

Next Story