राजस्थान

Dholpur: सेवा शिविरों के माध्यम से जनकल्याण योजनाएं पहुंचें घर-घर : राजन

Admindelhi1
4 July 2026 12:13 PM IST
Dholpur: सेवा शिविरों के माध्यम से जनकल्याण योजनाएं पहुंचें घर-घर : राजन
x

धौलपुर: जिला प्रभारी सचिव राजन विशाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को डीओआईटी सभागार में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलेभर में आयोजित किए जा रहे ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के संचालन, विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं, योजनाओं की प्रगति तथा आमजन को दिए जा रहे लाभों की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिला प्रभारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को उनकी आवश्यक सरकारी सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर सरल, सुगम और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है। शिविरों में प्राप्त होने वाले प्रत्येक आवेदन, शिकायत एवं प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण करते हुए निर्धारित समय सीमा में उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। पात्र लाभार्थियों को अधिकतम संख्या में लाभान्वित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।

बैठक में जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी टी ने जिले में आयोजित किए जा रहे ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि प्रशासन द्वारा सभी विभागों के समन्वय से शिविरों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्राप्त होने वाले आवेदनों के त्वरित निस्तारण के लिए विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से प्रगति की समीक्षा की जा रही है। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एएन सोमनाथ ने ग्रामीण सेवा शिविरों तथा अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना ने शहरी क्षेत्रों में आयोजित शिविरों की व्यवस्थाओं एवं विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति, शिविरों में प्राप्त आवेदनों, उनके निस्तारण तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति से जिला प्रभारी को अवगत कराया। समीक्षा के दौरान लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण, रिकॉर्ड संधारण, विभागीय समन्वय, जनसुनवाई से जुड़े मामलों के समाधान तथा सेवा वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष चर्चा की गई।बैठक में सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों सहित उपखंड एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Next Story