राजस्थान

Dholpur: निकाय चुनाव में ईवीएम आवंटन की प्रक्रिया शुरू, प्रथम रैंडमाइजेशन संपन्न

Admindelhi1
3 Sept 2026 10:23 AM IST
Dholpur: निकाय चुनाव में ईवीएम आवंटन की प्रक्रिया शुरू, प्रथम रैंडमाइजेशन संपन्न
x
पारदर्शी तरीके से हुआ ईवीएम का प्रथम रैंडमाइजेशन, चुनावी तैयारियां तेज

धौलपुर: नगर निकाय आम चुनाव-2026 संपन्न कराने के लिए बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन ईवीएम का प्रथम रैंडमाइजेशन राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

प्रथम रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदत्त ईवीएम ट्रैकिंग मॉड्यूल के माध्यम से निष्पक्षतापूर्वक संपादित की गई। इसके अंतर्गत कुल बीयू 436 एवं सीयू 337 ईवीएम का जिले के 7 नगरीय निकाय क्षेत्रों नगर परिषद धौलपुर, नगर पालिका बाड़ी, बसेड़ी, राजाखेड़ा, सैंपऊ, सरमथुरा एवं मनिया के लिए निकाय-वार आवंटन किया गया। इसके साथ ही कार्मिकों के प्रायोगिक प्रशिक्षण तथा चुनाव दिवस पर आपात स्थिति से निपटने हेतु आवश्यक रिजर्व ईवीएम 20 प्रतिशत प्रति निकाय का भी नियमानुसार पृथक आवंटन सुनिश्चित किया गया। संपादित हुए प्रथम रैंडमाइजेशन के तहत मशीनों का निकाय-वार निर्धारण किया गया है, जबकि संबंधित नगरीय निकायों के मतदान केंद्रों के अनुसार ईवीएम का द्वितीय रैंडमाइजेशन व आवंटन आगामी 5 सितंबर को किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बी टी ने उपस्थित अधिकारियों को ईवीएम वेयरहाउस, सुरक्षा घेरे, स्ट्रॉन्ग रूम व्यवस्था तथा मशीनों के सुरक्षित परिवहन एवं संधारण हेतु निर्वाचन आयोग के तय प्रोटोकॉल की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी हरिराम मीना, रिटर्निंग अधिकारी समस्त नगरीय निकाय, विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, चुनाव शाखा के अधिकारी एवं तकनीकी कार्मिक उपस्थित रहे।

Next Story