राजस्थान

Dholpur: चंबल में बजरी खनन पर सख्ती, निगरानी के लिए CCTV नेटवर्क तैयार

Admindelhi1
18 May 2026 9:47 AM IST
Dholpur: चंबल में बजरी खनन पर सख्ती, निगरानी के लिए CCTV नेटवर्क तैयार
x
"अवैध खनन पर निगरानी बढ़ाने को धौलपुर में CCTV प्लान"

धौलपुर: चंबल नदी से अवैध बजरी खनन एवं राष्ट्रीय चंबल सेंचुरी क्षेत्र में जलीय जीवों के संरक्षण को लेकर धौलपुर जिले में प्रभावी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अब अवैध बजरी खनन और परिवहन पर निगरानी के लिए तीसरी आंख यानी सीसीटीवी कैमरों का सहारा लिया जाएगा। जिले के 27 प्रमुख मार्गों एवं चिन्हित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, वहीं चंबल नदी के 16 प्रमुख घाटों पर पुलिस पेट्रोलिंग भी की जाएगी।

जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि अतिरिक्त मुख्य सचिव, खान एवं पेट्रोलियम विभाग, राजस्थान सरकार के निर्देशों के तहत जिले में प्रतिबंधित चंबल बजरी खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए यह कार्रवाई की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि थाना सरमथुरा, सोने का गुर्जा, कोतवाली धौलपुर, राजाखेड़ा, सदर धौलपुर, दिहोली, बाड़ी सदर और बसई डांग थाना क्षेत्रों के प्रमुख मार्गों एवं तिराहों पर कैमरे लगाए जाएंगे। इन स्थानों में झिरी चौकी, भम्मपुरा तिराहा, बीछिया, समोना घाट, भैंसेना तिराहा, गुनपुर तिराहा, बिजौली गजपुरा चौराहा तथा चन्देली पुरा घाटी सहित कुल 27 स्थान शामिल हैं।

एसपी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे लगाने का उद्देश्य राष्ट्रीय चंबल सेंचुरी क्षेत्र में प्रतिबंधित बजरी खनन एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाना, पर्यावरण और दुर्लभ जलीय जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करना है। इसके साथ ही अवैध बजरी खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए घाटवार मोबाइल पुलिस पार्टियां गठित करने का एक्शन प्लान भी तैयार किया जा रहा है। इसके तहत जिले के 16 चिन्हित घाटों पर चार मोबाइल पार्टियां नियमित गश्त और निगरानी करेंगी। इनमें भूड़ा, कठूमरी, अण्डवा पुरैनी, रेलवे पुल घाट, मोरौली, तिघरा, बसई डांग घाट, चन्देली पुरा घाट, पाली घाट और दुर्गशी घाट सहित अन्य घाट शामिल हैं।

धौलपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि प्रतिबंधित चंबल क्षेत्र में बजरी खनन एवं परिवहन जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Next Story