राजस्थान

Dholpur: नई पीढ़ी को बाबा साहेब के आदर्श अपनाने का संदेश

Admindelhi1
21 April 2026 11:37 AM IST
Dholpur: नई पीढ़ी को बाबा साहेब के आदर्श अपनाने का संदेश
x

धौलपुर: संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष में सोमवार रात को धौलपुर शहर में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बैंड बाजों से सुसज्जित शोभा यात्रा में बाबा साहेब के जीवन पर आधारित दर्जनों झांकियां सजाई गई। शहर के सागरपाड़ा स्थित अंबेडकर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा ने कहा कि सामाजिक समरसता एवं पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए बाबा साहेब के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। आज की युवा पीढ़ी को बाबा साहेब के जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र एवं समाज निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बसेड़ी विधायक संजय जाटव ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन दलित एवं वंचितों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। दलित एवं वंचितों का समाज की मुख्य धारा आना बाबा साहेब के सामाजिक समरसता के सिद्वांत की ही देन है। आयोजन में शोभा यात्रा समिति की ओर से राजाखेडा विधायक रोहित बोहरा को संविधान की प्रति भी भेंट की गई। सभा के बाद राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा ने झंडी दिखाकर अंबेडकर जयंती शोभायात्रा को रवाना किया। इस मौके पर शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, अजय पाल सिंह, समाजसेवी सूरज बाबू, वीरी सिंह,दर्शन लाल जाटव एवं प्रेम सिंह भास्कर सहित अन्य सामाजिक बंधु मौजूद रहे। शहर के सागरपाड़ा से शुरू हुई शोभायात्रा विभिन्न बाजारों से होते हुए आरएसी लाईन क्षेत्र में पहुंचकर संपन्न हुई। शहर में शोभायात्रा के स्वागत के लिए दर्जनों स्वागत द्वार बनाए गए तथा जलपान की व्यवस्था भी की गई। शोभा यात्रा के आयोजन को लेकर देर रात तक बाजार में चहल पहल देखने को मिली।

Next Story