राजस्थान

प्रदेश में सर्दी के तेवर हुए तीखे खेतों में जमने लगी ओस

Admin4
23 Nov 2022 4:14 PM GMT
प्रदेश में सर्दी के तेवर हुए तीखे खेतों में जमने लगी ओस
x
जयपुर। प्रदेश में दिनों दिन सर्दी के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। गलन और सर्द हवाएं प्रदेश के अधिकांश जिलों में अपना असर दिखा रहे हैं। ऐसे में तापमान में भी गिरावट का दौर जारी है। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कई शहरों में चली सर्द हवाओं के कारण रेगिस्तानी इलाकों में अब लोगों को रात में गलन महसूस होने लगी है। बीती रात उदयपुर, जोधपुर, जैसलमेर, अजमेर समेत कई शहरों में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई। सीकर के फतेहपुर में तो पारा 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया, जिससे यहां खेतों में ओस की बूंदी जमने लग गई। मौसम विशेषज्ञों की माने तो राज्य में अगले 4-5 दिन मौसम ऐसा ही बना रहेगा और तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पिछले सप्ताह वेस्टर्न डिर्स्टबेंस जाने के बाद दूसरा नया सिस्टम अभी तक नहीं आया है, जिसके कारण नॉर्दन हवाओं का पैटर्न सेट हो गया। उत्तरी हवाएं पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान की तरफ आनी शुरू हो गई। वहीं इन राज्यों में मौसम भी बिल्कुल साफ रहने लगा है, जिससे तापमान गिरने लगा है। मौसम विशेषज्ञों की माने जब तक कोई नया सिस्टम नहीं आएगा तब तक तापमान में बढ़ोतरी नहीं होगी।
वहीं बीती रात राज्य में सबसे कम तापमान सीकर के फतेहपुर में दर्ज हुआ। यहां तापमान सीजन में पहली बार 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे गया और 4.8 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। सर्दी के कारण ओस की बूंदे खेतों में जमनी शुरू हो गई। गलन भरी इस सर्दी से लोगों की दिनचर्या में भी बदलाव आने लग गया। लोग यहां अब सुबह-शाम सर्दी से बचने के लिए अलाव जलाने लगे है। मौसम विशेषज्ञों की माने तो मौसम साफ होने और अगले एक सप्ताह तक किसी भी सिस्टम के नहीं आने से यहां सर्दी का असर और बढ़ सकता है।
जयपुर, अलवर, सीकर, चूरू, गंगानगर, जोधपुर समेत कई शहरों में दिन में भले ही सर्दी का असर ज्यादा नहीं है लेकिन शाम होने के साथ ही ठिठुरन बढ़ने लगी है। इसका असर शहरों से दूर ग्रामीण अंचलों में ज्यादा देखने को मिल रहा है। राजधानी जयुपर में मंगलवार को दिन का तापमान 27.3 डिग्री और बीती रात का 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Next Story