राजस्थान

माउंट आबू में जमने लगी ओस, शेखावाटी में भी कड़ाके की ठंड

Admindelhi1
23 Nov 2026 11:37 AM IST
माउंट आबू में जमने लगी ओस, शेखावाटी में भी कड़ाके की ठंड
x
उत्तरी हवाओं ने बढ़ाई ठंड, सीकर-फतेहपुर में पारा 10 डिग्री से नीचे

जयपुर: राजस्थान में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तरी हवाओं के चलते प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान लगातार गिर रहा है। पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में रविवार रात पारा करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज ठंड के कारण ओस की बूंदें जमने लगी हैं। वहीं सोमवार सुबह कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा।

प्रदेश के शेखावाटी क्षेत्र में भी ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। सीकर में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री, फतेहपुर में 8.1 डिग्री और नागौर में 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन क्षेत्रों में लगातार कई दिनों से रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है। सुबह और रात के समय लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है।

रविवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों में आसमान साफ रहा, लेकिन सुबह और शाम चलने वाली ठंडी हवाओं ने सर्दी का एहसास बढ़ा दिया। दिन के समय भी सर्द हवाओं का प्रभाव बना रहा।

उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में ठंडी हवाओं का ज्यादा असर देखने को मिला। फलोदी, बीकानेर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर, बाड़मेर और पाली सहित कई शहरों में अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बाड़मेर को छोड़कर प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

रात के तापमान में भी गिरावट का दौर जारी है। उदयपुर में न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पाली, भीलवाड़ा, अजमेर, अलवर, चित्तौड़गढ़, चूरू, पिलानी और सिरोही में रात का तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

माउंट आबू में तापमान में पिछले दो दिनों की तुलना में करीब तीन डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन यहां ठंड का असर अब भी बरकरार है। सोमवार सुबह ठंडी हवाओं के साथ कई इलाकों में कोहरा छाया रहा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। आसमान साफ रहने और उत्तरी ठंडी हवाओं के प्रभाव से रात के तापमान में मामूली गिरावट जारी रह सकती है।

अजमेर, जयपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में आने वाले दिनों में रात की सर्दी और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में प्रदेशवासियों को सर्दी के और तीखे तेवरों का सामना करना पड़ सकता है।

Next Story