राजस्थान
चाकसू स्थित शीतला माता मंदिर में बजट उपलब्धता के आधार पर होंगे विकास कार्य - पर्यटन राज्य मंत्री
Tara Tandi
21 July 2023 11:06 AM GMT

x
पर्यटन राज्य मंत्री श्री मुरारी लाल मीणा ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि चाकसू स्थित शीतला माता मंदिर में बजट उपलब्धता के आधार पर विकास कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस संबंध में वित्त विभाग से जल्द ही वित्तीय स्वीकृति के प्रयास किये जाएंगे।
पर्यटन राज्य मंत्री ने प्रश्नकाल के दौरान इस संबंध में सदस्यों द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों के जवाब में बताया कि शीतला माता मंदिर में पर्यटन विकास कार्यों के लिए वर्ष 2022-23 की बीएफसी में 200 लाख के प्रस्ताव दिये गए थे। उन्होंने बताया कि विकास कार्यों का तकमीना भी वित्त विभाग को भिजवाया गया था।
इस दौरान विधान सभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने इस मुद्दे पर हस्तक्षेप करते हुए पर्यटन मंत्री से कहा कि जयपुर जिले का प्रसिद्ध स्थल है। लोगों की भावनाओं को देखते हुए विकास कार्यों की जल्द स्वीकृति के प्रयास किये जाने चाहिये।
इससे पहले पर्यटन राज्य मंत्री ने विधायक श्री वेद प्रकाश सोलंकी के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में बताया कि विधान सभा क्षेत्र चाकसू में स्थित शीतला माता मंदिर धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान रखता है। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा किसी मंदिर अथवा स्थल विशेष को पर्यटक स्थल घोषित नहीं किया जाता है, अपितु पर्यटकों की आवाजाही से स्वतः पर्यटक स्थल बन जाता है।

Tara Tandi
Next Story