राजस्थान

वार्ड 73 में नजर नहीं आ रहे विकास कार्य, ना नालियों के हालात सुधरे ना सफाई व्यवस्था

Admin Delhi 1
4 Jan 2023 12:01 PM GMT
वार्ड 73 में नजर नहीं आ रहे विकास कार्य, ना नालियों के हालात सुधरे ना सफाई व्यवस्था
x

कोटा: निगम में बोर्ड भी कांग्रेस का और वार्ड के पार्षद भी कांग्रेस के लेकिन इसके बावजूद भी वार्ड में ना तो सड़कें ठीक हुई और बन पाई। ना नालियों के हालात सुधरे और ना सफाई व्यवस्था में कोई सुधार आया। यह कहना है कोटा नगर निगम के वार्ड नम्बर 73 के निवासियों का। वार्ड की गलियों के हालात देखें तो ऐसा लगता है जैसे इस वार्ड में सफाई कभी-कभार ही होती है। वार्ड के कुछ हिस्सों को छोड़ दिया जाए तो लगभग हर हिस्सें के लोग समस्याएं गिनाते हुए नजर आएंगे। कोटा नगर निगम दक्षिण के वार्ड 73 में एयरपोर्ट परिसर, घोड़ा बस्ती, दुर्गा बस्ती, सीएडी कॉलोनी तथा इन्कम टैक्स कॉलोनी आदि क्षेत्र आते हैं। इन इलाकों के कुछ लोगों का कहना है कि वार्ड कभी-कभार ही नजर आते हैं इसलिए समस्याएं कहे तो किसे? ऐसा नहीं है कि वार्ड पार्षद को वार्डवासियों की समस्याएं पता नहीं है लेकिन वे हर छोटी-बड़ी समस्या को अनदेखा कर देते हैं। हां, वार्ड में एक-दो काम जरूर उन्होंने करवाए है लेकिन अब भी कई समस्याएं मुंह बाहे खड़ी हैं।

वार्ड के लोग बताते है कि वार्ड के कई हिस्सों में सड़के इतनी खराब हो चुकी है कि उन पर वाहन चलाने का मतलब ही वाहनों से खुद दुश्मनी निकालना है। वार्ड में कई स्थानों पर अनचाहे कचरा प्वाइंट बने हुए है। उदाहरण के तौर पर क्षेत्र का सरकारी स्कूल एक ऐसा स्थान है जिसके पास साल के बारह महीनें ही कचरे के ढेर लगे रहते हैं। कहने को तो वार्ड में पार्क है लेकिन उसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। क्षेत्र की गलियों में आवारा पशु और सांडों का जमावड़ा कई मौकों पर लगा रहता है। वार्ड के कुछ निवासी कहते है कि निगम की ओर से बजट तो दे दिया गया लेकिन लेबर नहीं दी तो कार्य कैसे होंगे। वार्ड में बिल्कुल भी सफाई व्यवस्था नहीं है। बारिश के दिनों में नालियों में भरा गंदा पानी घरोंं में घुस जाता है जिसे निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है, उस अगर रात का समय हो तो पूरी रात जागकर निकालनी पड़ती है। वार्ड में स्थित एकमात्र पार्क की पाइप लाइन महीनों से टूटी हुई है लेकिन उसकी ओर ध्यान देने वाला कोई नहीं है।

इनका कहना:

वार्ड में नाली और सीसी सड़क का काम करवाया है। कार्य अभी अधूरे हैं। दुर्गा बस्ती में काम होने बाकी है। घोड़ा बस्ती मे बड़ा नाला निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। वार्ड की हर समस्या को सुलझाने की कोशिश करता हूं। सफाई व्यवस्था पहले से ठीक हुई है।

-संजय विश्वास, वार्ड पार्षद।

जितनी समस्याएं इस वार्ड में हैं उतनी शायद किसी दूसरे में नहीं होगी। पूरे वार्ड की नालियां हरदम भरी रहती है। निगम की ओर से यहां पर कोई सफाई व्यवस्था नहीं है। हमारे क्षेत्र के 10 लोगों के जानवरों का सर्वे नही हुआ है।

-सावरा गुर्जर, वार्डवासी।

हमारे या किसी और के बताने की जरूरत ही नहीं है। गलियों में नालियों के हालात और टूटी-फूटी सड़कें ही वार्ड में विकास कार्यों की स्थिति बता देगी। जहां देखो कचरे के ढेर नजर आ जाएंगे। वार्ड में कुछ भी काम नहीं हुआ है।

-पप्पु , वार्डवासी।

कांग्रेस के पार्षद होने के बाद भी पार्षद यहां विकास कार्य नहीं करवा पाए है। वार्ड में हरदम आवारा मवेशी और श्वान सड़कों पर घूमते रहते हैं। कचरे के ढ़ेर और भरी नालियों के कारण क्षेत्र में बीमारियों का खतरा हरदम बना रहता है।

-ओमप्रकाश रेगर, वार्डवासी।

पूरे इलाके की सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है। बारिश के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उस समय तो सड़क पर चलने से पहले कई बार सोचना पड़ता है। कारण कि ये पता ही नहीं होता कि यहां सड़क है या गड्ढ़ा।

-धर्म सिंह, वार्डवासी।

Next Story