9 सीटें जीतकर भी कांग्रेस की मुश्किल बढ़ी, प्रधान की कुर्सी पर सस्पेंस

राजसमंद: राजस्थान के राजसमंद जिले की देलवाड़ा पंचायत समिति में चुनावी नतीजों ने दिलचस्प राजनीतिक स्थिति पैदा कर दी है। यहां 15 में से 9 सीटें जीतकर कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि भाजपा को पांच और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) को एक सीट मिली है। इसके बावजूद कांग्रेस के सामने प्रधान पद हासिल करने की चुनौती खड़ी हो गई है।
दरअसल, देलवाड़ा पंचायत समिति में प्रधान का पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है, लेकिन कांग्रेस की नौ विजयी सदस्यों में इस वर्ग की कोई महिला शामिल नहीं है। कांग्रेस की संभावित दावेदार वंदना भी वार्ड-6 से चुनाव हार गईं।
प्रधान पद के लिए भाजपा की रानी देवी खटीक और आरएलपी की कृष्णा आरक्षित वर्ग की पात्र विजेता सदस्य हैं। ऐसे में आरएलपी की कृष्णा की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। वह वार्ड-9 से चुनाव जीती हैं, जो सामान्य महिला के लिए आरक्षित था।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह ने दावा किया है कि बहुमत कांग्रेस के पास है और पंचायत समिति में बोर्ड भी कांग्रेस का ही बनेगा। उन्होंने कहा कि आरएलपी की विजयी सदस्य कृष्णा पहले कांग्रेस से जुड़ी रही हैं।
फिलहाल प्रधान पद को लेकर राजनीतिक स्थिति स्पष्ट नहीं है। अब सबकी नजर आरएलपी की एकमात्र विजयी सदस्य कृष्णा के अगले कदम पर टिकी है। उनके समर्थन से प्रधान पद के चुनाव का समीकरण प्रभावित हो सकता है।





