राजस्थान

अजमेर में पेट्रोल पंपों पर विभाग की जांच, 4 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

Admindelhi1
18 Nov 2026 10:40 AM IST
अजमेर में पेट्रोल पंपों पर विभाग की जांच, 4 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
x
अजमेर में पेट्रोल पंपों की जांच, चारों जगह व्यवस्थाएं मिलीं सही

अजमेर: राजस्थान के अजमेर जिले में उपभोक्ताओं को पेट्रोल और डीजल की सही मात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधिक माप विज्ञान विभाग ने पेट्रोल पंपों पर निरीक्षण अभियान चलाया। मंगलवार को विभागीय अधिकारियों ने चार पेट्रोल पंपों की जांच की, जहां सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

अभियान के तहत विभागीय अधिकारी गणेश योगी और सुरेश कुमार ने खानपुर पेट्रोलियम अजमेर, फ्रेंड्स पेट्रोलियम गगवाना, वी.आर. पेट्रोलियम किशनगढ़ और श्याम बालाजी फिलिंग स्टेशन वैशाली नगर का निरीक्षण किया।

इस दौरान पेट्रोल-डीजल वितरण करने वाली मशीनों, माप उपकरणों के सत्यापन, सुरक्षा सील और निर्धारित मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराने से जुड़ी व्यवस्थाओं की जांच की गई। अधिकारियों के अनुसार, चारों प्रतिष्ठानों में किसी प्रकार की अनियमितता या विधिक माप विज्ञान अधिनियम के उल्लंघन का मामला सामने नहीं आया।

निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंप संचालकों को माप उपकरणों का समय पर सत्यापन कराने और उनकी सील एवं मुहर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।

विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। किसी पेट्रोल पंप पर गड़बड़ी मिलने पर विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Next Story