Dausa: नेहा शर्मा ने RPSC सहायक आचार्य गृह विज्ञान में किया टॉप

दौसा: दौसा जिले की बेटी नेहा शर्मा (भालपुरिया) ने राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित गृह विज्ञान विषय में सहायक आचार्य पद के लिए संवीक्षा परीक्षा और साक्षात्कार में पूरे राजस्थान में टॉप कर अपना और जिले का नाम रोशन किया है।
देश भर से सैकड़ों परीक्षार्थी इस प्रतिष्ठित परीक्षा में शामिल हुए थे, जिसमें नेहा ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। परीक्षा दो चरणों में संपन्न हुई- पहले चरण में संवीक्षा परीक्षा और दूसरे चरण में साक्षात्कार। इन दोनों चरणों में संयुक्त रूप से नेहा ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए RPSC में शीर्ष स्थान हासिल किया।
नेहा शर्मा प्रारंभ से ही एक मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने अपनी स्नातक (B.Sc.) और स्नातकोत्तर (M.Sc.) की पढ़ाई में भी विश्वविद्यालय में टॉप किया था। वर्ष 2020 में, उन्होंने महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर से B.Sc. गृह विज्ञान में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद, M.Sc. फूड एंड न्यूट्रिशन में महाराजा सैय्याजी राव यूनिवर्सिटी ऑफ़ बड़ौदा, वडोदरा से प्रथम स्थान हासिल करते हुए उन्होंने दो-दो गोल्ड मेडल अपने नाम किए। अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों के अलावा, नेहा को वर्ष 2023 में एक अंतर्राष्ट्रीय कांफ्रेंस में पत्र वाचन के लिए यंग साइंटिस्ट अवार्ड से भी सम्मानित किया गया था।
मूलतः बांदीकुई की रहने वाली नेहा वर्तमान में भीलवाड़ा में निवास कर रही हैं। नेहा शर्मा, राजस्थान ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा की भतीजी हैं। उनके पिता नरेश शर्मा निजी सेक्टर में कार्यरत हैं, जबकि माता मीना शर्मा गृहिणी हैं। संयुक्त परिवार में रहने वाली नेहा ने अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय अपने नियमित अध्ययन के साथ-साथ अपने दादी-दादा, माता-पिता, भाई-भाभी, बुआ-फूफा और निरंतर सहयोग करने वाले गुरुजनों, विशेष रूप से चाची प्रोफेसर सीमा गौड़ को दिया है।
नेहा की इस उपलब्धि पर उनके सभी गुरुजनों, परिवारजनों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। नेहा की यह सफलता उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है जो कड़ी मेहनत और लगन से अपने लक्ष्यों को प्राप्त करना चाहते हैं।





