राजस्थान

Dausa: वैदिक वनस्थली स्कूल में 30 दिवसीय योग काउंटडाउन

Admindelhi1
5 Jun 2025 4:33 PM IST
Dausa: वैदिक वनस्थली स्कूल में 30 दिवसीय योग काउंटडाउन
x

दौसा: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2025 के उपलक्ष्य में पूरे देशभर में योगाभ्यास की श्रृंखलाओं की शुरुआत हो चुकी है। इसी कड़ी में बुधवार को दौसा स्थित वैदिक वनस्थली स्कूल में 30 दिवसीय काउंटडाउन कार्यक्रम के तहत योगाभ्यास सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योग प्रोटोकॉल के अनुसार सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस विशेष योग सत्र का नेतृत्व अनुभवी योगगुरु सुरेश शर्मा ने किया, जिन्होंने बच्चों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को योग से जोड़कर उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना रहा।

योग सत्र के दौरान डॉ. यश शर्मा, गजानन शर्मा, शिवानी शर्मा, शिवांगी सैनी, मोहित जांगिड़, पीयूष जैमन और श्रीराम मीणा ने आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था अनुशासित और प्रोटोकॉल के अनुरूप रही।

विद्यालय के निदेशक उपेंद्र जैमन ने इस अवसर पर कहा, "अगर हम बच्चों का शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से समुचित विकास करना चाहते हैं, तो योग को उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा। योग न केवल शारीरिक स्फूर्ति प्रदान करता है, बल्कि तनाव और एकाग्रता की समस्याओं से भी लड़ने में मदद करता है।"

कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ, जिसके बाद योगगुरु सुरेश शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया और कहा कि "योग जीवन को संतुलन और ऊर्जा प्रदान करता है, इसे केवल एक दिन के आयोजन तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए।"

सत्र के अंत में बच्चों को फलों का वितरण कर उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को और प्रोत्साहित किया गया। बच्चों में योग को लेकर गहरी रुचि और ऊर्जा देखने को मिली, जो यह दर्शाता है कि नई पीढ़ी स्वस्थ जीवनशैली की ओर अग्रसर हो रही है।

Next Story