राजस्थान

Dausa: सिकंदरा में शेखपुरा मोड़ के पास कार की टक्कर से 2 बाइक सवारों की मौत

Admindelhi1
12 Jun 2025 1:36 PM IST
Dausa: सिकंदरा में शेखपुरा मोड़ के पास कार की टक्कर से 2 बाइक सवारों की मौत
x
परिजनों ने शव उठाने से किया इनकार

दौसा: जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में दौसा-लालसोट रोड पर शेखपुरा मोड़ के पास बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। इस घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और पहले टक्कर मारने वाले वाहन को जब्त करने की मांग की।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा बुधवार रात उस समय हुआ जब गढ़ गांव निवासी अनिल (19) और जतिन महावर (15) अपनी बाइक पर गढ़ से सामान लेने के लिए सराय की ओर जा रहे थे। रास्ते में शेखपुरा मोड़ के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनिल और जतिन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार तीसरा व्यक्ति हेमराज महावर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतक अनिल और जतिन दोनों कलर-पेंट का काम करते थे। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गुरुवार सुबह जब शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया, तो मृतकों के परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से साफ इनकार कर दिया।

उनका कहना था कि जब तक टक्कर मारने वाले वाहन को जब्त नहीं किया जाता, तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। इस मांग पर पुलिस और परिजनों के बीच गतिरोध बना हुआ है। पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।

Next Story