राजस्थान

राजस्थान में कोरोना की स्थिति नियंत्रण में: गहलोत

Admin Delhi 1
27 Dec 2022 12:34 PM GMT
राजस्थान में  कोरोना की स्थिति नियंत्रण में: गहलोत
x

जयपुर: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आमजन को सावधानी बरतते हुए सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का उपयोग करना चाहिए। मास्क कोविड के अलावा अन्य बीमारियों में भी लाभदायक है। मास्क पहनने से टीबी सहित कई गम्भीर बीमारियों के मरीजों की संख्या में गिरावट दर्ज हुई है। गहलोत सीएमआर में कोविड समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में आमजन की कोविड के प्रति रोग प्रतिरोधक क्षमता और वैक्सीनेशन की स्थिति काफी अच्छी है। कई देशों में कोविड मरीजों की संख्या हाल ही में बढ़ी है, लेकिन राजस्थान में ऐसी कोई स्थिति नहीं है। आमजन को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

प्रदेश में अब तक 11.53 करोड़ से अधिक दी वैक्सीन की डोज: आरयूएचएस कुलपति डॉ. सुधीर भण्डारी ने बैठक में बताया कि राज्य में 96.4 प्रतिशत लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज और 90 प्रतिशत लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है। अब तक राजस्थान में 11.53 करोड़ से अधिक वैक्सीन दी जा चुकी है। दिसम्बर में अब तक कोविड के कारण किसी भी मरीज की मृत्यु नहीं हुई है। राज्य में गत सप्ताह में पॉजिटिव दर मात्र 0.28 प्रतिशत दर्ज हुई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के शासन सचिव डॉ. पृथ्वीराज ने बताया कि राज्य में क्वीक सीरो सर्वे करवाया जा रहा है। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा, मुख्य सचिव उषा शर्मा, प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा शिक्षा टी. रविकांत, सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Next Story