राजस्थान

राजस्थान में एसआईआर के विरोध में सड़कों पर उतरी कांग्रेस

Admindelhi1
9 Oct 2026 3:18 PM IST
राजस्थान में एसआईआर के विरोध में सड़कों पर उतरी कांग्रेस
x
एसआईआर के विरोध में कांग्रेस ने किया शक्ति प्रदर्शन

जयपुर: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित गड़बड़ी और वोट चोरी के आरोपों तथा दिल्ली में विपक्षी नेताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में कांग्रेस के देशव्यापी आंदोलन के तहत गुरुवार को राजस्थान में भी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन हुए। जयपुर में शहर कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। बूंदी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया, जबकि कोटा में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर विरोध जताया।

जयपुर में प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, प्रदेश प्रभारी पुखराज पाराशर, पूर्व मंत्री बीडी कल्ला और विधायक रफीक खान सहित कांग्रेस नेता शामिल हुए। समाजवादी पार्टी और वामदलों के कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की गई। कलेक्ट्रेट के आसपास यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति बनी।

प्रदर्शन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कार्यकर्ताओं से 10 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया। डोटासरा ने दावा किया कि राजस्थान से करीब 50 हजार कार्यकर्ता दिल्ली जाएंगे। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

बूंदी में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कांग्रेस कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली गई। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने एसआईआर में कथित गड़बड़ियों और राहुल गांधी सहित विपक्षी सांसदों के साथ दिल्ली में हुए व्यवहार पर सवाल उठाए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष महावीर मीणा ने कहा कि विरोध के तहत काला दिवस मनाया गया।

कोटा में शहर और देहात एनएसयूआई के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय महाविद्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया और उनके इस्तीफे तथा एसआईआर से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की।

कांग्रेस ने आठ अक्टूबर को राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन का आह्वान किया था। पार्टी की ओर से यह आंदोलन एसआईआर में कथित अनियमितताओं, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और दिल्ली में विपक्षी नेताओं के साथ पुलिस कार्रवाई के विरोध में किया गया।

Next Story