राजस्थान

कांग्रेस ने बजट को ऐतिहासिक और सभी वर्गों को राहत देने वाला बताया

Admin Delhi 1
11 Feb 2023 2:38 PM GMT
कांग्रेस ने बजट को ऐतिहासिक और सभी वर्गों को राहत देने वाला बताया
x

जयपुर: कांग्रेस नेताओं ने बजट को ऐतिहासिक और सभी वर्गों को राहत देने वाला बताया है।

यह बजट लोक कल्याण, युवा, कार्मिक और कृषि समर्पित समावेशी बजट है। पीसीसी घोषणाओं के पंपलेट छपवाकर जन-जन तक वितरित कराएगी। प्रदेशवासियों को बधाई और अभूतपूर्व घोषणाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार।

गोविन्द सिंह डोटासरा, अध्यक्ष प्रदेश कांग्रेस कमेटी

हमारी सरकार ने इस साल के बजट में महिला, किसान, कर्मचारी, मजदूर सहित सभी वर्गों का खयाल रखा है। हम प्रदेश की जनता के हितों के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

सचिन पायलट, पूर्व डिप्टी सीएम

चिरंजीवी योजना को 25 लाख और दुर्घटना बीमा को दस लाख करना बड़ी बात है। देश में ऐसा कहीं नहीं। महिलाओं का रोडवेज में आधा किराया माफ किया। पेंशन बढ़ाई और सिलेण्डर पर सब्सिडी देकर महंगाई को कम किया। सभी कर्मचारियों को ओपीएस दायरे में लेने वाला राजस्थान पहला राज्य है।

सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी

ये बजट संवेदनशीलता और जवाबदेही की मिसाल है। यह बजट केवल प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के इतिहास में भी केन्द्र या राज्य सरकारों के स्तर पर अब तक प्रस्तुत बजट की तुलना में युवा, महिला एवं किसानों के सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, शैक्षणिक प्रगति और लोक कला एवं कलाकारों के संरक्षण सहित गांव, गरीब और मजदूरों के कल्याण की घोषणाओं के लिहाज से अभूतपूर्व हैं।

- डॉ. बीडी कल्ला, शिक्षा मंत्री

युवाओं को समर्पित और सभी लोगों को राहत देने वाला शानदार बजट है। कोरोनाकाल में माता-पिता को खोने वाले बच्चों को नौकरी देने का ऐतिहासिक निर्णय है। उज्ज्वला योजना गैस सिलेण्डर को 500 रुपए देने होंगे। यह बचत बड़ी राहत देगी। मेरी विधानसभा क्षेत्र में कई बड़ी सौगातें दी हैं।

डॉ.महेश जोशी, जलदाय मंत्री

महंगाई, गरीबी और बेरोजगारी खत्म करके रामराज्य को समर्पित बजट है। लोगों को 100 यूनिट तक फ्री बिजली, चिरंजीवी योजना का दायरा बढ़ाया, किसानों को दो हजार यूनिट फ्री बिजली, पेंशन बढ़ाकर एक हजार कर लोगों को राहत दी। पूरा राजस्थान बजट से खुश है।

प्रताप सिंह खाचरियावास, खाद्य मंत्री

राजसिको की सारी अपेक्षाएं पूरी हुई हैं। उद्यमियों को बहुत सुविधाएं दी हैं। निर्यात परिषद सुदृढ़ होगी। जयपुर में जेम ब्रॉस के निर्माण के लिए रिजर्व दर के तीन गुणा राशि पर देने की घोषणा निर्यात क्षेत्र के लिए अत्यंत लाभकारी है।

राजीव अरोड़ा, अध्यक्ष, राजसिको

ऐतिहासिक बजट से किसानों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों, उद्यमियों, वंचितों, जरूरतमंदों सहित हर वर्ग की आंकाक्षाएं पूरी हो सकेंगी। यह बजट राजस्थान में एक नई कृषि क्रांति को जन्म देने वाला साबित होगा। अकृषि क्षेत्र में एक लाख 50 हजार परिवारों को 3 हजार करोड़ का ब्याज मुक्त ऋण का वितरण होगा। इससे अकृषि क्षेत्र का भी विकास होगा,

उदयलाल आंजना, सहकारिता मंत्री

यह बजट किसानों, पशुपालकों, महिलाओं, कर्मचारियों, उद्यमियों, मजदूरों, दिव्यांग और वंचितों वर्गों, युवाओं सहित हर वर्ग की उम्मीदों एवं आकांक्षाओं को पूरा करने वाला साबित होगा। सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा और संबल देने के लिए सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में कानून लाने की घोषणा की है, जो उनकी दूरदर्शी सोच को दर्शाता है।

टीकाराम जूली, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री

15 स्थानों पर नशा मुक्ति केन्द्र खोलने की घोषणा स्वागत योग्य है। संवेदनशीलता दिखाते हुए कोविड में माता-पिता खोने वाले बच्चों को नौकरी का ऐलान, चिकित्सा क्षेत्र में घोषणाएं, किसानों, बिजली उपभोक्ताओं, महिलाओं, युवाओं के लिए घोषणाएं ऐतिहासिक हैं।

डॉ.अर्चना शर्मा, अध्यक्ष, समाज कल्याण बोर्ड

प्रतियोगी परीक्षाओं की फीस मुक्त करके, चिरंजीवी योजना राशि का दायरा बढ़ाकर, 500 रुपए में सिलेण्डर, घरेलू उपभोक्ताओं को किसानों को बिजली में राहत, सावित्री बाई फुले कॉलेज बनाकर बजट में सभी वर्गों को राहत दी गई। यह बजट प्रदेश का चहुमुंखी विकास करने वाला बजट है।

राजेन्द्र सेन, राष्ट्रीय संयोजक, कांग्रेस ओबीसी विभाग

इन नेताओं ने भी बजट को सराहा: कांग्रेस नेता रेहाना रियाज, विमल यादव, संगीता गर्ग, युगलकिशोर शर्मा बबलेश, अब्दुल हफीज जयपुरी, गिरिराज खंडेलवाल, शिवजीलाल मीणा, प्रो. वेदप्रकाश शर्मा, शरीफ खान, हाजी शाहिद मोहम्मद सहित अनेक कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बजट को ऐतिहासिक बताते हुए सभी वर्गों के लिए लाभकारी बताया।

Next Story