कलेक्टर आर्तिका शुक्ला का बड़ा निर्देश, छात्रों की पढ़ाई और मरीजों की सुविधाओं पर दें ध्यान

अलवर: राजस्थान के अलवर जिले में जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने राजगढ़ उपखंड के सकट गांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने सबसे पहले सीएचसी सकट पहुंचकर चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाएं बेहतर पाई गईं। उन्होंने बीसीएमएचओ को निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले मरीजों को उपचार और आवश्यक सुविधाएं प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने सीएचसी स्तर पर अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं का सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा अस्पताल में दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता तथा साफ-सफाई की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक भी लिया।
इसके बाद डॉ. आर्तिका शुक्ला ने पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सकट का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि विद्यालय में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की शैक्षणिक क्षमता और कमजोरियों को ध्यान में रखते हुए व्यक्तिगत शिक्षण व्यवस्था अपनाई जाए। वन-ऑन-वन टेलर मेड पढ़ाई के माध्यम से बच्चों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने पर जोर दिया गया।
उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों को नीट (NEET) परीक्षा की तैयारी कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सीमा मीना, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेश गुप्ता, बीसीएमएचओ डॉ. रोहित गोयल और सीबीईओ लीलावती मीना सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।





