राजस्थान में सर्द हवाओं का असर तेज, फतेहपुर में पारा 4.7 डिग्री पहुंचा

जयपुर: राजस्थान में उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं के प्रभाव से ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश के अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। सुबह और शाम बढ़ती ठिठुरन के चलते लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं।
शेखावाटी क्षेत्र में सर्दी का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। फतेहपुर में लगातार तीसरे दिन न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे रहा। बुधवार को यहां 4.7 डिग्री सेल्सियस, जबकि नागौर में 6.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
बीकानेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के कई इलाकों में भी सर्द हवाओं का प्रभाव बना हुआ है। बाड़मेर और जैसलमेर को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। हालांकि, सुबह और शाम ठिठुरन बनी रहेगी, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।





