राजस्थान

राजस्थान में शीतलहर का कहर, पांच जिलों में यलो अलर्ट

Admindelhi1
27 Nov 2026 1:22 PM IST
राजस्थान में शीतलहर का कहर, पांच जिलों में यलो अलर्ट
x
राजस्थान में बढ़ी ठिठुरन, फतेहपुर में पारा 4.3 डिग्री

जयपुर: राजस्थान में नवंबर के अंतिम सप्ताह में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तर भारत से लगातार आ रही बर्फीली हवाओं के चलते प्रदेश के कई जिलों में तापमान तेजी से गिर रहा है। सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को पांच जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, सीकर, अजमेर, टोंक, बूंदी और कोटा में अगले दो दिनों तक शीतलहर का प्रभाव बने रहने की संभावना है। ठंडी हवाओं के कारण कई शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है।

गुरुवार रात सीकर जिले का फतेहपुर सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर में पांच डिग्री, नागौर में 6.1 डिग्री, भीलवाड़ा में 7.4 डिग्री, चूरू में 7.6 डिग्री और टोंक में 7.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

इसके अलावा अलवर में 8.4 डिग्री, पिलानी में 8.5 डिग्री, उदयपुर में 8.7 डिग्री और करौली में 8.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

ग्रामीण और खुले क्षेत्रों में सर्द हवाओं का प्रभाव अधिक महसूस किया जा रहा है। दिन के समय धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है, लेकिन सूर्यास्त के बाद तापमान में गिरावट के साथ ठिठुरन बढ़ जाती है।

अलवर, भरतपुर, सीकर और झुंझुनूं सहित दिल्ली-हरियाणा से सटे इलाकों में सुबह हल्की धुंध भी देखने को मिली। वहीं, जयपुर, श्रीगंगानगर, सीकर, पिलानी और बाड़मेर सहित कई शहरों के अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा। हालांकि, उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है। ऐसे में आगामी दिनों में रात और सुबह के समय सर्दी का असर अधिक रहने की संभावना है।

Next Story