राइजिंग राजस्थान के MOU पर CM का फोकस, युवाओं के लिए रोजगार बढ़ाने का लक्ष्य

जयपुर: राजस्थान में निवेश समझौतों को धरातल पर उतारने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के एमओयू की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निवेशकों को हरसंभव सहयोग देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेशकों ने प्रदेश में निवेश को लेकर जो भरोसा जताया है, उसे बनाए रखना जरूरी है। सभी विभाग एमओयू के क्रियान्वयन और ग्राउंड ब्रेकिंग की प्रक्रिया में तेजी लाएं। उन्होंने विभागों को नियमित समीक्षा करने और जरूरी मंजूरियों में देरी नहीं करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास को पूरे कार्य की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि निवेश समझौते राजस्थान की आर्थिक प्रगति, औद्योगिक विस्तार और रोजगार सृजन के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं।





