
x
Udaipur उदयपुर। राजस्थान में निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी का चुनावी अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रोड शो से भाजपा प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री लगातार अलग-अलग शहरों में रोड शो कर पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में माहौल बनाने में जुटे हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को उदयपुर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में भव्य रोड शो किया। रोड शो की शुरुआत सूरजपोल चौराहे से हुई, जो देहली गेट तक पहुंचा। इस दौरान रास्ते भर बड़ी संख्या में आमजन और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे और मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
रोड शो के दौरान उमड़ा जनसमर्थन भाजपा के चुनावी अभियान को मजबूती देता नजर आया। कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया और पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की। बैंक तिराहे पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास की गति लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा को मजबूत समर्थन देकर डबल इंजन सरकार को ट्रिपल इंजन सरकार बनाने का अवसर देना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकायों के मजबूत होने से विकास कार्यों को और तेजी मिलेगी। उन्होंने जनता से भाजपा प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की। भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री के रोड शो को चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी का मानना है कि मुख्यमंत्री की मौजूदगी से उम्मीदवारों को राजनीतिक मजबूती मिल रही है और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ रहा है।
इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भीलवाड़ा में रोड शो कर चुके हैं और आने वाले दिनों में जोधपुर में भी रोड शो करेंगे। लगातार हो रहे इन कार्यक्रमों के जरिए भाजपा स्थानीय चुनावों में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, मुख्यमंत्री की संगठनात्मक समझ और जनता के बीच उनकी सरल छवि चुनाव प्रचार में भाजपा के लिए लाभदायक साबित हो सकती है। रोड शो के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के साथ-साथ मतदाताओं तक पहुंच बनाने का प्रयास कर रही है।
निकाय चुनाव के मैदान में भाजपा अब पूरी ताकत के साथ उतर चुकी है और मुख्यमंत्री के रोड शो पार्टी के चुनावी अभियान का प्रमुख चेहरा बनते दिखाई दे रहे हैं।
Next Story





