राजस्थान

राजस्थान में पानी की किल्लत पर CM भजनलाल सख्त, अधिकारियों को फील्ड में उतरने के निर्देश

Admindelhi1
29 Nov 2026 1:25 PM IST
राजस्थान में पानी की किल्लत पर CM भजनलाल सख्त, अधिकारियों को फील्ड में उतरने के निर्देश
x
जल जीवन मिशन पर भजनलाल सरकार का फोकस, लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

जयपुर: राजस्थान में पेयजल आपूर्ति को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन को नियमित पानी उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और जलापूर्ति में लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में जलदाय विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को कार्यालयों से बाहर निकलकर फील्ड में समस्याओं का समाधान करने को कहा। उन्होंने लंबित जल परियोजनाओं में तेजी लाने और जल जीवन मिशन के तहत अधिक से अधिक घरों तक नल से पानी पहुंचाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल जल कनेक्शन देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन घरों में नियमित जलापूर्ति भी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए पर्याप्त मोबाइल परीक्षण वाहन उपलब्ध कराने और जल भवन में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में स्थायी जल स्रोतों के संरक्षण, आधुनिक तकनीक के उपयोग और विभागीय शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर दिया गया। इस दौरान मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Next Story