राजस्थान

Churu: राज्य मंत्री का सालासर दौरा, बालाजी दर्शन व योजनाओं की समीक्षा

Admindelhi1
27 Jun 2025 7:34 PM IST
Churu: राज्य मंत्री का सालासर दौरा, बालाजी दर्शन व योजनाओं की समीक्षा
x

चूरू: राजस्थान सरकार में सार्वजनिक निर्माण, महिला एवं बाल विकास तथा बाल अधिकारिता विभाग की राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार शुक्रवार को सालासर पहुंचीं। यहां उन्होंने प्रसिद्ध बालाजी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की और देश व प्रदेश में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

इस दौरान चूरू विधायक हरलाल सहारण, वासुदेव चावला और धर्मवीर पुजारी भी उनके साथ मौजूद रहे। श्रीहनुमान सेवा समिति के अध्यक्ष सत्यप्रकाश पुजारी, मनोज पुजारी, यशोदानंदन पुजारी सहित पुजारी परिवार ने मंत्री डॉ. बाघमार को बालाजी का चित्र एवं दुपट्टा भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।

मंदिर दर्शन के पश्चात राज्य मंत्री ने सालासर क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों, महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं और महिला अधिकारिता विभाग के कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक सुनिश्चित रूप से पहुंचे।

महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक राजेंद्र सिंह ने मंत्री को विभागीय गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं सार्वजनिक निर्माण विभाग के एक्सईएन ने क्षेत्र में प्रगति पर रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की।

इस अवसर पर सर्कल अधिकारी दरजाराम, नायब तहसीलदार अमरसिंह, नरेश कुमार, महावीर, सोहनलाल सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

राज्य मंत्री की इस क्षेत्रीय यात्रा को विकास योजनाओं की ज़मीनी समीक्षा और धार्मिक आस्था का समन्वय माना जा रहा है।

Next Story