राजस्थान

Chittorgarh: पश्चिम बंगाल चुनाव में बदलाव के संकेत: सीपी जोशी

Admindelhi1
30 April 2026 11:10 AM IST
Chittorgarh: पश्चिम बंगाल चुनाव में बदलाव के संकेत: सीपी जोशी
x

चित्तौड़गढ़: राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि इस बार का मतदान बदलाव का संकेत दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि बंगाल की जनता परिवर्तन के पक्ष में वोट कर रही है और इसका परिणाम भाजपा के पक्ष में ऐतिहासिक रूप से सामने आएगा।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से पश्चिम बंगाल में पहले कांग्रेस, उसके बाद लगभग 34 वर्षों तक सीपीएम और पिछले 15 वर्षों से टीएमसी की सरकार रही है, लेकिन इन सरकारों ने राज्य के विकास को कमजोर किया है। जोशी ने कहा कि जो बंगाल कभी देश की राजधानी हुआ करता था, आज वह कई मामलों में पिछड़ता नजर आ रहा है।

सांसद जोशी ने सुरक्षा और विकास के मुद्दों को प्रमुख बताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े इस राज्य में सुरक्षा की स्थिति चिंताजनक है। वहीं महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के रोजगार और व्यापारिक माहौल को लेकर भी जनता में असंतोष है। उन्होंने कहा कि अब राज्य की जनता इन मुद्दों पर बदलाव चाहती है और यही कारण है कि मतदान में परिवर्तन की झलक दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार ने केंद्र की कई जनकल्याणकारी योजनाओं को राज्य में लागू नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ जानबूझकर आम जनता तक नहीं पहुंचाया गया, ताकि इसका श्रेय नरेंद्र मोदी को न मिले।

सीपी जोशी ने दावा किया कि इस बार के चुनाव में भाजपा को अप्रत्याशित समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनके आकलन के अनुसार भाजपा 180 से अधिक सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल करेगी। उन्होंने इस संभावित जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, अमित शाह की रणनीति और पार्टी संगठन के प्रयासों को दिया। इसके साथ ही उन्होंने केरल, पांडिचेरी और तमिलनाडु सहित अन्य राज्यों में हुए चुनावों को लेकर भी सकारात्मक रुझान होने की बात कही। उन्होंने कहा कि मीडिया में सामने आए संकेतों के अनुसार भाजपा और उसके सहयोगी दलों को अच्छा समर्थन मिल रहा है और 4 मई को आने वाले चुनाव परिणाम ऐतिहासिक और सकारात्मक होंगे।

Next Story