राजस्थान

Chittorgarh: उदयपुर में 17 जून को राष्ट्र-चेतना महासंगम की तैयारियां तेज

Admindelhi1
10 Jun 2026 6:39 PM IST
Chittorgarh: उदयपुर में 17 जून को राष्ट्र-चेतना महासंगम की तैयारियां तेज
x
ऐतिहासिक हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पर बड़ा आयोजन

चित्तौड़गढ़: वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर 17 जून को उदयपुर में होने वाले सार्द्ध चतुःशती महाआयोजन को लेकर चित्तौड़गढ़ में तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में चामटी खेड़ा रोड स्थित संघ कार्यालय ‘वसुधा’ पर नगर खंड की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में आयोजन के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन भी किया गया।

नगर खंड संयोजक रवि वीरानी ने बताया कि बैठक में 17 जून को उदयपुर के महाराणा भूपाल स्टेडियम, गांधी ग्राउंड में होने वाले समारोह को ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित बनाने पर विस्तृत मंथन हुआ। चित्तौड़गढ़ नगर से अधिकतम जन-सहभागिता के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं। बैठक व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और घर-घर संपर्क के लिए विशेष टोलियों का गठन किया गया है। सह संयोजक श्रवण सोनी और मनोज साहू ने जानकारी दी कि 17 जून को प्रातः 9.30 बजे आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहनराव भागवत मुख्य वक्ता एवं मुख्य अतिथि होंगे। उनका ओजस्वी उद्बोधन राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान की नई ऊर्जा का संचार करेगा। आयोजन समिति ने चित्तौड़गढ़ के प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और मातृशक्ति से अपील की है कि वे इस गौरवमयी इतिहास के साक्षी बनने के लिए 17 जून को सपरिवार व मित्रों सहित समय पर उदयपुर के गांधी ग्राउंड पहुंचें। यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र-चेतना का महासंगम होगा।

Next Story